
डिजिटल डेस्क, इंदौर। भाजपा के वरिष्ठ नेता व बिहार के पूर्व डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी का कैंसर की बीमारी के कारण निधन हो गया है। वह कुछ दिनों पहले ही कैंसर का इलाज कराकर स्वास्थ्य लाभ ले रहे थे। जय प्रकाश नारायण के आंदोलन में भाग लेने वाले सुशील कुमार मोदी 1990 में पहली बार विधायक बने थे। उसके बाद वह भाजपा व जदयू की गठबंधन वाली सरकार में डिप्टी सीएम भी रहे। वह वर्तमान में राज्यसभा सांसद थे।
सुशील कुमार मोदी का जन्म पटना में रत्ना देवी व मोती लाल मोदी के यहां 5 जनवरी 1952 को हुआ था। उनकी शुरुआती शिक्षा पटना के सेंट माइकल स्कूल में हुई थी। जय प्रकाश नारायण के आंदोलन के दौर में उन्होंने एम.एस.सी की पढ़ाई बीच में छोड़ दी।
1990 में पटना केंद्रीय विधानसभा (कुम्हार विधान सभा निर्वाचन क्षेत्र) का चुनाव सुशील कुमार मोदी ने लड़ा था। वह इसी सीट से पहली बार 1990 में विधानसभा चुनाव पहुंचे थे। वह भाजपा बिहार विधानसभा दल के मुख्य सचेतक चुने गए थे। लालू यादव की सरकार में वह 1996 से 2004 तक विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष भी रहे थे। 2004 में वह पहली बार भागलपुर से लोकसभा का चुनाव लड़कर संसद पहुंचे।
नीतीश कुमार की अल्पकालीन सरकार 2000 में बनी थी, तब उन्होंने संसदीय कार्य मंत्री की जिम्मेदारी संभाली थी। 2005 में एनडीए की सरकार पूर्ण बहुमत से बिहार में आई। बिहार बीजेपी ने उनको अपना नेता चुना। उसके बाद उन्होंने लोकसभा से इस्तीफा देकर उप मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। वह 2010 में भी बिहार के उप मुख्यमंत्री चुने गए।
लालू यादव को चारा घोटाले में जेल पहुंचाने का श्रेय भी सुशील कुमार मोदी को ही जाता है। सुशील कुमार मोदी ने एक जनहित याचिका पटना हाईकोर्ट में लालू प्रसाद यादव के खिलाफ डाली थी। इस याचिका के दम पर चारा घोटाला सबके सामने उजागर हुआ था।