मशहूर कार्टूनिस्ट आर के लक्ष्मण नहीं रहे
भारत के मशहूर कार्टूनिस्ट आर के लक्ष्मण ने सोमवार को लंबी बीमारी के बाद अंतिम सांस ली। वह 94 वर्ष के थे।
By
Edited By:
Publish Date: Mon, 26 Jan 2015 07:49:28 PM (IST)
Updated Date: Mon, 26 Jan 2015 07:52:03 PM (IST)

पुणे। भारत के मशहूर कार्टूनिस्ट आर के लक्ष्मण ने सोमवार को लंबी बीमारी के बाद अंतिम सांस ली। वह 94 वर्ष के थे। आर के लक्ष्मण को यूरिनरी ट्रेक्ट इंफेक्शन के चलते पुणे के दिनानाथ मंगेशकर अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
मशहूर कार्टूनिस्ट पिछले कुछ महीनों से बिस्तर पर ही थे। उन्हें सांस में कमी होने और अन्य परेशानियों के चलते 16 जनवरी को अस्पताल में भर्ती किया गया था। पिछले कुछ समय से उनका डायलिसिस चल रहा था।
पांच दशकों से अधिक समय से लक्ष्मण ने अपने कार्टून कैरेक्टर 'कॉमन मैन' के जरिए समाज के तमाम पहलुओं को उकेरा था। राजनीतिक मसलों पर उनके बनाए कार्टून बहुत मशहूर हुए थे। हालांकि बाद में उन्होंने राजनीतिक मसलों पर कार्टून बनाना बंद कर दिया था। उन्हें पद्म विभूषण से सम्मानित किया गया था।
लक्ष्मण के इलाज कर रहे डॉ. समीर जोग ने उनकी हालत बहुत नाजुक बताई थी। जोग के मुताबिक लक्ष्मण के कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया था। जोग के मुताबिक लक्ष्मण को पहले से ही कई स्वास्थ्य समस्याएं थीं। पहले वह फेफड़ों में संक्रमण से जूझ रहे थे और उनकी किडनी भी खराब हो गई थी।'
लक्ष्मण के करीबी कैलाश भिंगारे ने बताया था, 'साल 2010 में वह लकवे की चपेट में आ गए थे। लकवे से उनके शरीर का दायां हिस्सा प्रभावित हुआ था और उन्हें बोलने में दिक्कत भी होती थी।' भिंगारे के मुताबिक, भले ही लक्ष्मण लकवे की वजह से बोल नहीं पाते थे लेकिन उन्होंने कार्टून बनाना और स्केचिंग जारी रखी थी। इसमें उनका प्रिय कैरक्टर 'कॉमन मैन' भी शामिल होता था।