LIVE Bihar Panchayat Chunav Results 2021: बिहार में पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की वोटिंग के बाद शुक्रवार को मतगणना हो रही है। विजेताओं के नाम भी सामने आने लगे हैं। इस चरण में 34 जिलों के 48 प्रखंडों के 692 ग्राम पंचायतों पर मतदान हुआ था। मतगणना सुबह आठ बजे जारी है। प्रदेश चुनाव आयोग के अधिकारियों ने बताया कि बिहार में 11 चरणों में होने वाले पंचायत चुनाव के दूसरे चरण की मतगणना शुक्रवार सुबह शुरू हो गई। पंचायत चुनाव के दूसरा चरण में बुधवार को 34 जिलों के 48 प्रखंडों पर मतदान हुआ था। कुल 21,000 पदों पर 71,400 से अधिक उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला ईवीएम में कैद हुआ। दूसरे चरण में 55.02 प्रतिशत मतदान हुआ। महिला मतदाताओं ने 60.02 प्रतिशत जबकि पुरुष मतदाताओं ने 46.02 प्रतिशत मतदान किया। बता दें, बिहार पंचायत चुनाव के लिए पहले चरण का मतदान 24 सितंबर को 10 जिलों के 12 प्रखंडों में 4,647 पदों पर हुआ था।
LIVE Bihar Panchayat Chunav Results 2021: दूसरे चरण की काउंटिंग, जानिए ताजा अपडेट
बक्सर जिले में राजपुर प्रखंड की बारुपुर पंचायत लीलावती देवी मुखिया पद का चुनाव जीत गई हैं। वह भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष बबन उपाध्याय की बहू हैं। उन्होंने निवर्तमान मुखिया दीपिका देवी को हराया है।
जहानाबाद के घोसी प्रखंड में जिला परिषद भाग 1 की सीट से अजय सिंह टुन्नू ने जीत हासिल की है। घोसी प्रखंड की भारथु पंचायत से हेमंत शरण उर्फ कुंदन मुखिया चुने गए हैं।
जमुई के अलीगंज में अधा पंचायत में प्रधान पद पर हिना कौसर ने जीत हासिल की है। औरंगाबाद के नवांजर की महुआं पंचायत में ब्रजमोहन सिंह जीत गए हैं।
इससे पहले बुधवार को मतदान कुल मिलाकर शांतिपूर्ण रहा, लेकिन कहीं-कहीं हंगामा हुआ। बक्सर जिले के राजपुर पंचायत के बूथ संख्या 101 पर कथित अनियमितताओं की शिकायत के बाद पीठासीन अधिकारी को हटा दिया गया जबकि अररिया जिले के बूथ संख्या 87 पर मतपत्र गुम हो गए. अधिकारियों के मुताबिक, हम इस चूक के लिए मतदान कर्मियों को कारण बताओ नोटिस दे रहे हैं। हालांकि, बूथ पर मतदान बाधित नहीं हुआ क्योंकि मतपत्र तुरंत भेजे गए थे।