Rajasthan Panchayat Chunav 2021 Result: राजस्थान के छह जिलों में पंचायत चुनाव के लिए शनिवार को मतगणना हुई। सुबह 9 शुरू हुई मतगणना का शाम तक अंतिम परिणाम आ गया। राजस्थान चुनाव आयोग के अनुसार पंचायत समिति की 1564 सीटों में से कांग्रेस ने 670 सीटों पर, बीजेपी ने 551 सीटों पर, बसपा ने 11 सीटों पर और राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी ने 40 सीटों पर जीत हासिल की है। जिला परिषद चुनाव में बीजेपी ने 55, कांग्रेस ने 52 और बसपा ने 3 सीटें जीती थीं। जयपुर, जोधपुर और दौरा में कांग्रेस ने अच्छा प्रदर्शन किया। दौसा में कांग्रेस को स्पष्ट बहुमत मिला है। यहां मंत्री ममता भूपेश ने खूब प्रचार किया था। इसके साथ ही कांग्रेस खेमे में जश्न का माहौल है। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के गृह नगर जोधपुर के परिणाम कांग्रेस के पक्ष में रहा है। (विजेताओं की पूरी लिस्ट देखने के लिए यहां क्लिक करें)
इन नतीजों पर भाजपा और कांग्रेस की नजर थी। माना जा रहा है कि ये पंचायत चुनाव दोनों की पार्टियों के लिए आगे की दशा-दिशा तय कर सकते हैं। जिन जिलों में मतगणना हुई वे हैं- जयपुर, जोधपुर, भरतपुर, सवाई माधोपुर, दौसा और सिरोही। यहां बीते दिनों तीन चरण में मतदान हुआ है। बता दें, राजस्थान के 27 जिलों में पहले ही पंचायत चुनाव हो चुके है जिनमें भाजपा हावी रही है। यानी सत्तारुढ़ कांग्रेस के लिए आज के नजीते बहुत अहम हैं।
जोधपुर पर थी पूरे देश की नजर: यूं तो हर जिले का परिणाम अहम रहा, लेकिन सभी की नजर खासतौर पर जोधपुर पर रही। कारण, जोधपुर मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के ग्रह नगर और केन्द्रीय जलशक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत का संसदीय क्षेत्र है। जोधपुर, राजस्थान का दूसरा सबसे बड़ा शहर है। जोधपुर में 37 वार्डों में चुनाव होने थे, लेकिन एक वार्ड में निर्वरोध चयन होने से कांग्रेस का खाता पहले ही खुल गया है। जोधपुर जिले में भाजपा और कांग्रेस को नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल की राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी कड़ी चुनौती दे रही है।
दो पारियों में मतगणना: सभी पंचायत समितियों के चुनाव की मतगणना राजस्थान और कॉमर्स कॉलेज में दो पारियों में हुई। पहली पारी की काउंटिंग में सुबह 9 बजे से पंचायत समिति सदस्यों की और दूसरी पारी की मतगणना दोपहर 1 बजे से जिला परिषद सदस्यों की हुई।