LIVE उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022: उत्तर प्रदेश में सियासी माहौल गरमा चुका है। कोरोना काल में रैलियों पर प्रतिबंध के बीच पार्टियां अपने-अपने तरीके से चुनाव प्रचार में जुटी हैं। उम्मीदवारों के नामों का ऐलान शुरू हो गया है। भाजपा के साथ ही बहुजन समाजवादी पार्टी ने उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। शनिवार को बसपा सुप्रीमो मायावती का जन्मदिन है। वहीं नेताओंं का दलबदल भी जबरदस्त चर्चा में हैं। बता दें, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव (UP assembly elections 2022) के लिए पहले चरण की 58 सीटों के लिए अधिसूचना शुक्रवार को जारी हो चुकी है। नामांकन 21 जनवरी तक चलेगा। मतदान 10 फरवरी को होगा।
यहां भी क्लिक करें; भाजपा ने जारी की 107 प्रत्याशियों की लिस्ट, 21 के टिकट काटे, यहां देखिए सभी नाम
LIVE उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022: अखिलेश के साथ नहीं होगा भीम आर्मी का गठबंधन
आजाद समाज पार्टी प्रमुख चंद्रशेखर आजाद ने ऐलान किया है कि वे समाजवादी पार्टी के साथ गठंबधन नहीं करेंगे और यूपी चुनाव में अपने दम पर लड़ेंगे। चंद्रशेखर आजाद ने पुलिस से मिली अनुमति के बाद प्रेस को संबोधित किया और कहा है कि वे पिछले छह माह से अखिलेश यादव के सम्पर्क में थे, लेकिन अखिलेश ने 14 जनवरी को हुए कार्यक्रम में उन्हें आमंत्रित न कर, दलित समाज का अपमान किया है। यही कारण है कि वे सपा के साथ गठबंधन नहीं करेंगे। चंद्रशेखर आजाद ने यह भी बताया कि उन्होंने सबसे पहले बसपा सुप्रीमो मायावती से मुलाकात की थी और साथ चुनाव लड़ने का प्रस्ताव रखा था, लेकिन बहनजी ने कोई इच्छा नहीं जताई। अब चंद्रशेखर आजाद का कहना है कि वे भाजपा को पुन: सत्ता में आने से रोकने के लिए काम करते रहेंगे।
वहीं अखिलेश यादव ने चंद्रशेखर आजाद के आरोपों का जवाब देते हुए कहा, सपा ने उन्हें 2 सीट का ऑफर दिया था, लेकिन फिर उनको (चंद्रशेखर आजाद) को कहीं से फोन काल आया और फिर उन्होंने हमारे साथ गठबंधन करने से इन्कार कर दिया।
LIVE उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022: राजू श्रीवास्तव ने भाजपा छोड़कर जाने वालों पर चलाए व्यंग्य बाण
प्रसिद्ध हास्य कलाकार और उत्तर प्रदेश फिल्म विकास परिषद के चेयरमैन राजू श्रीवास्तव ने हाल ही में भाजपा छोड़कर दूसरी पार्टियों में जाने वाले नेताओं पर व्यंग्य बाण चलाए हैं। एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर वायरल है जिस पर उन्होंने पार्टी छोड़कर गए नेताओं की स्थिति भी लोगों के सामने रखी है। अपनी बात में उन्होंने जहां एक ओर उदित राज और फिल्म अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा पर निशाना साधा है, वहीं स्वामी प्रसाद मौर्य और दारा सिंह पर भी व्यंग्य किया है। नईदुनिया वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। वीडियो में वह कहते दिख रहे हैं कि भाजपा में टिकट न मिलने के कारण उदित राज और शत्रुघ्न सिन्हा भाजपा छोड़कर चले गए। आज ये लोग बहुत सफल हैं। उदित राज को उन्होंने अमेरिका का राष्ट्रपति तो शत्रुघ्न सिन्हा को बेल्जियम का प्रधानमंत्री बताया। इसके आगे उन्होंने अभी चार दिन पहले भाजपा छोड़ने वाले स्वामी प्रसाद मौर्य पर कटाक्ष किया है कि अखिलेश यादव उन्हें भूटान का काउंसलर बनाने जा रहे हैं। दारा सिंह को युगांडा का राष्ट्रपति बनाने की बात उन्होंने अपने वीडियो में कही है।
उत्तरप्रदेश : भाजपा नेता,कैबिनेट का दर्जा प्राप्त राजू श्रीवास्तव ने स्वामी प्रसाद मौर्य,और दारा चौहान पर कसा तंज,साथ ही साथ शत्रुघ्न सिन्हा पर भी किया हमला !! #News #AgraMirror #RajuSrivastav @BJP4UP #UPElections2022 #UttarPradesh pic.twitter.com/vrq0MgP5jl
— Agra Mirror (@AgraMirror) January 14, 2022
यहां भी क्लिक करें; मायावती ने जारी की पहली लिस्ट, देखिए बसपा के 53 उम्मीदवारों के नाम
एमएलसी घनश्याम सिंह लोधी सपा से निष्कासित
समाजवादी पार्टी ने विधान परिषद सदस्य घनश्याम सिंह लोधी को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र गोयल ने बताया कि घनश्याम सिंह काफी पहले से पार्टी विरोधी गतिविधियों में लिप्त हैं और पार्टी को नुकसान पहुंचा रहे हैं। दूसरी ओर, घनश्याम सिंह लोधी का कहना है कि वह दो दिन पहले ही समाजवादी पार्टी छोड़ चुके हैं। समाजवादी पार्टी में पिछड़ों का उत्पीड़न किया जा रहा है। मालूम हो कि लोधी दो बार विधान परिषद सदस्य चुने गए हैं। राष्ट्रीय क्रांति पार्टी के टिकट पर रामपुर-बरेली स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र से 2004 में एमएलसी बने थे। इसके बाद इसी क्षेत्र से 2016 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर एमएलसी बने। 2019 में रामपुर शहर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव के दौरान उनके आवास पर भाजपा नेताओं की बैठक हुई थी, तभी से उनके भाजपा में शामिल होने की चर्चाएं थीं। वह कह रहे हैं कि कार्यकर्ताओं से विचार-विमर्श के बाद ही किसी पार्टी में जाने का फैसला लेंगे।
Posted By: Arvind Dubey
- Font Size
- Close