
मेरठ। मंदिर में लाउडस्पीकर बजाने को लेकर गुरुवार रात मेरठ स्थित कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के घसौली गांव में सांप्रदायिक संघर्ष हो गया। इस हंगामे के दौरान लाठी-डंडे भी चलें और पथराव भी हुआ। धारदार हथियार के प्रयोग और फायरिंग की भी सूचना है। भारी पुलिस बल ने स्थिति संभाली।
मेरठ के घसौली गांव में जाहरवीर की म्हाड़ी के पास ही मस्जिद है। अनुसूचित जाति के युवकों ने गुरुवार रात मंदिर पर लाउडस्पीकर लगाकर भजन चला दिया जिसका मुस्लिम समाज के लोगों ने विरोध किया। इसी बात तो लेकर बहस शुरू हो गई।
आरोप है कि अनुसूचित जाति के युवकों पर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। उन्हें दौड़ा-दौड़ा कर पीटा। हमलावरों ने पथराव भी किया। उनकी तरफ से फायरिग की सूचना है।
इस दौरान नित्य उर्फ लाला, रामचरण, वरुण समेत आधा दर्जन लोग घायल हो गए। देखते ही देखते दोनों समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। मौके पर पहुंची कई थानों की पुलिस को देखते ही हमलावर भाग खड़े हुए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल भेजा। मुस्लिम समुदाय के कुछ लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है।
सीओ जितेंद्र कुमार का कहना है कि फायरिग की बात बेबुनियाद है। जांच की जा रही है। आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।