
जम्मू। कश्मीर को दुनिया का स्वर्ग कहा जाता है। इसकी खूबसूरती से प्रभावित पोलैंड के एक दंपति ने यहां झेलम के तट पर आकर न सिर्फ दोबारा शादी की, बल्कि अपनी शादी का रिसेप्शन भी कश्मीरी संस्कृति के अनुसार ही दिया। इस मौके पर दंपति के परिवार के कुछ सदस्य भी मौजूद थे।
दुल्हन बाटा पिछले तीन साल से पर्यटक के रूप में कश्मीर आती रही हैं। उन्होंने कहा कि कश्मीर की हर चीज मुझे पसंद है। हम यहां की संस्कृति और व्यंजनों से बेहद प्रभावित हैं। पार्टी से जुड़े इंतजाम इस नवविवाहित जोड़े के दोस्त एक कश्मीरी परिवार ने किए थे। खाने को भी स्थानीय शेफ ने ही तैयार किया।
बाटा और व्लोदेक के इस रिसेप्शन प्रोग्राम में सहायता करने वाली फैमिली के सदस्य ओवैस अहमद ने कहा कि परिवार की ही एक शादी को देखकर ही कपल ने यहां प्रोग्राम आयोजित करने का फैसला किया था। नवविवाहित जोड़े बाटा और व्लोदेक ने कश्मीर का पारंपरिक विवाह परिधान पहना था।
बाटा ने कहा कि हम कश्मीरियों की तरह दिखना चाहते थे। हमने ऐसे ही परिधान पसंद किए। मुझे कश्मीर की सभी चीजें पसंद हैं। उन्होंने एक शिकारे में शादी की। इस शादी में परिवार के अलावा कई विदेशी मेहमान भी शामिल हुए थे।