
नई दिल्ली। पाकिस्तान के खिलाफ ऐतिहासिक सर्जिकल स्ट्राइक का एलान कर देश-दुनिया को चौंकाने वाले महानिदेशक सैन्य अभियान (डीजीएमओ) लेफ्टिनेंट जनरल रणवीर सिंह को पदोन्नति दे दी गई है। उनकी जगह लेफ्टिनेंट जनरल एके भट्ट को देश का नया डीजीएमओ नियुक्त किया गया है।
सेना के गोरखा राइफल्स से जुड़े लेफ्टिनेंट जनरल भट्ट भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर जारी मौजूदा तनाव के दौर में इस अहम जिम्मेदारी को संभालेंगे। वहीं लेफ्टिनेंट जनरल रणवीर सिंह को सेना के अहम स्ट्राइक 1 कोर का जनरल कमांडिंग ऑफिसर (जीओसी) नियुक्त करते हुए पदोन्नति दी गई है।
गौरतलब है कि उड़ी आतंकी हमले के बाद भारत ने गुलाम कश्मीर में घुसकर जो सर्जिकल स्ट्राइक की थी उसका बेहद मजबूती से एलान बतौर डीजीएमओ रणवीर सिंह ने कर पाकिस्तान समेत दुनिया को सख्त संदेश दिया था।
ले. जनरल भट्ट वर्तमान में सेना मुख्यालय में शिकायत और परामर्श बोर्ड के अतिरिक्त महानिदेशक हैं। इसी के साथ असम राइफल्स के महानिदेशक के तौर पर लेफ्टिनेंट जनरल शौकीन चौहान की नियुक्ति की गई है। वह वर्तमान में स्ट्राइक 1 कोर के प्रमुख हैं।