
जम्मू। जहां एक तरफ देश में नागरिकता कानून को लेकर विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं वहीं सीमा पर एक बड़ा हमला नाकाम हुआ है। पाकिस्तान के SSG कमांडो दस्ते द्वारा किए गए इस हमले में जहां भारतीय सेना का एक जवान शहीद हुआ है वहीं दूसरा घायल है। पाकिस्तान की इस कायराना हरकत का भारतीय सेना ने भी करारा जवाब दिया है और जवाबी कार्रवाई में तीन पाकिस्तानी कमांडो मार गिराए हैं। खबर है कि कमांडो दस्ते के अन्य सदस्य अपनी जान बचाकर भाग निकले।
यह इस हमले के बाद जब मुठभेड़ हो रही थी तब पाकिस्तान की तरफ एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल्स के साथ ही मोर्टार दागे गए और तोपखाने से भी गोलाबारी की गई। नतीजा यह रहा कि देर रात तक दोनों ही तरफ से भारी गोलीबारी हो रही थी। इस दुस्साहस के बाद पाकिस्तानी सेना ने पुंछ के दिगवार सेक्टर में भी भारी गोलाबारी शुरू कर दी। इसके बाद यहां सीमा पर भारी हलचल भी रही।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को राजौरी के सुंदरबनी सेक्टर के अंतर्गत केरी बट्टल इलाके में एलओसी पर स्थित ललयाली चौकी पर पाकिस्तानी सेना के बैट दस्ते ने हमला किया। पाक की तरफ से हो रही फायरिंग से भारतीय सेना समझ गई कि या तो घुसपैठ की कोशिश हो रही है या फिर पाकिस्तानी सेना किसी बड़े बैट हमले की कार्रवाई कर रही है। सेना ने उसी समय सभी नाका पार्टियों और अग्रिम चौकियों को सचेत कर दिया।
At least two Pakistani elite commandos of SSG (Special Service Group) unit killed in Indian Army retaliation after a Pakistan Border Action Team (BAT) infiltration attempt was thwarted in Sunderbani sector, Jammu and Kashmir. pic.twitter.com/Hiup7NoBTU
— ANI (@ANI) December 17, 2019
पाकिस्तानी गोलाबारी के थोड़ा धीमा पड़ते ही पाकिस्तानी सेना का बैट दस्ता एलओसी पार कर ललियाली चौकी की तरफ बढ़ा, लेकिन वहां मौजूद जवानों ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए बैट दस्ते के तीन कमांडोज को मार गिराया। इसके बाद उनके बचे हुए साथी वापस अपने साथियों के शव किसी तरह अपने इलाके में ले गए। इनके शव एलओसी के अगले हिस्से में पाकिस्तान के कब्जे वाले इलाके में पड़े नजर आ रहे हैं।
पाकिस्तान की ओर से बैट दस्ते को कवर फायर देने के लिए एंटी टैंक गाइडेड मिसाइल (एटीजीएम), मोर्टार और तोपखाने से भी गोलाबारी की गई। इस गोलाबारी में एक जवान शहीद और एक अन्य जख्मी हो गया। गोलाबारी के बीच ही घायल जवान को अस्पताल पहुंचाया गया।
बचे बैट कमांडो वापस भागे पाकिस्तान
रक्षा मंत्रालय के प्रवक्ता कर्नल देवेंद्र आनंद ने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने सुंदरबनी सेक्टर में संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए भारतीय ठिकानों पर गोलाबारी की। इसमें एक जवान शहीद हो गया। उन्होंने बताया कि इसी दौरान अग्रिम इलाके में नाका पार्टी ने कुछ संदिग्ध तत्वों को भारतीय इलाके में घुसते देखा। जवानों द्वारा ललकारे जाने पर उन्होंने फायरिग शुरू कर दी और वापस भागने लगे। जवानों ने भी जवाबी फायर किया और उन्हें वापस भागने पर मजबूर कर दिया।