पटना सिटी, ब्यूरो। विश्व में सिखों के दूसरे बड़े तख्त श्री हरिमंदिर जी पटना साहिब प्रबंधक समिति चुनाव में सरदार अवतार सिंह मक्कड़ को अध्यक्ष चुना गया। मक्कड़ शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति, अमृतसर के अध्यक्ष सह प्रबंधक समिति के सदस्य भी हैं। शुक्रवार को हुए चुनाव में समिति के 15 सदस्यों में उपस्थित 13 ने पांच पदाधिकारियों का चुनाव किया। ढाई साल बाद हुए इस चुनाव में बादल गुट का कब्जा हो गया है। जिला जज के निर्देश पर सिटी एसडीओ केके प्रसाद, डीएसपी राजेश कुमार, दंडाधिकारी मथुरा बराइक की मौजूदगी में पदाधिकारियों का चुनाव हुआ।
वरिष्ठ ग्रंथी ज्ञानी बलदेव सिंह के अरदास के बाद प्रबंधक समिति की बैठक दोपहर करीब 12.15 बजे शुरू हुई। इसकी अध्यक्षता प्रबंधक समिति के अध्यक्ष डॉ. आरएस गांधी ने की। पदाधिकारियों के चुनाव को लेकर प्रबंधक समिति के सदस्य दो गुटों में बंटे हुए थे। 15 सदस्यीय कमेटी में से उपस्थित 13 सदस्यों में छाबड़ा गुट में आठ सदस्य थे, तो चरणजीत गुट में पांच। छाबड़ा गुट में शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक समिति, अमृतसर के अध्यक्ष सह प्रबंधक समिति के सदस्य सरदार अवतार सिंह मक्कड़, वर्तमान सचिव महेंद्र सिंह छाबड़ा, सरजिंदर सिंह, बीबी कंवलजीत कौर, कोलकाता सिख प्रतिनिधि बोर्ड के प्रीतपाल सिंह, उत्तर प्रदेश सिख प्रतिनिधि बोर्ड के सदस्य डॉ. गुरमीत सिंह, झारखंड के सरदार शैलेंद्र सिंह, कटिहार के गुरेंद्रपाल सिंह शामिल थे। जबकि चरणजीत गुट के सदस्यों में डॉ. आरएस गांधी, चरणजीत सिंह, आरएस जीत, महाराजा सिंह सोनू, भजन सिंह वालिया मौजूद थे।
चुनाव के दौरान सदस्यों ने सरदार अवतार सिंह मक्कड़ को अध्यक्ष व सरदार सरजिंदर सिंह को महासचिव चुना। झारखंड के सरदार शैलेंद्र सिंह कनिष्ठ उपाध्यक्ष, बीबी कवंलजीत कौर व सचिव महेंद्र सिंह छाबड़ा वरिष्ठ उपाध्यक्ष चुने गए। इन्हें सरदार गुरेंद्रपाल सिंह, डॉ. गुरमीत सिंह व प्रीतपाल सिंह का समर्थन मिला है।
दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति के पूर्व अध्यक्ष व शिरोमणि अकाली दल दिल्ली के पूर्व सचिव हरविंदर सिंह सरना और चीफ खालसा दीवान के मनोनीत सदस्य जसपाल सिंह अनुपस्थित थे। लगभग डेढ़ घंटे चली बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।