
कोलकाता, ब्यूरो। कोलकाता अंतरराष्ट्रीय फिल्मोत्सव में भले ही अभिनेता अभिषेक बच्चन की नन्हीं बेटी आराध्या ने शिरकत नहीं की, लेकिन उसे पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा तोहफा जरूर मिल गया। ममता बनर्जी ने आराध्या के लिए खास तौर पर गुलाबी फ्रॉक उपहार में दी है।
कोलकाता फिल्मोत्सव के उद्घाटन पर महानायक अमिताभ बच्चन, अभिनेत्री जया बच्चन सहित पूरा परिवार मौजूद था। वहीं आराध्या छोटी होने के कारण कार्यक्रम में मौजूद नहीं थी। उसका जिक्र भी जया बच्चन ने अपने वक्तव्य में किया। साथ ही कहा था कि संभव है कि आने वाले दिनों में आराध्या भी इस कार्यक्रम का हिस्सा होगी।
मुख्यमंत्री ने आराध्या को उपहार देने के साथ ही अमिताभ बच्चन को धोती व सुनहरे रंग का उत्तरीय दिया। वहीं अभिषेक बच्चन को क्रीम रंग का उत्तरीय व गुलाबी रंग की धोती उपहार में मिली। जया को सिल्क साड़ी मिली। वहीं एश्वर्या को मैरून रंग का ड्रेस उपहार में मिला। जया ने कार्यक्रम में कहा भी था कि यह एक पारिवारिक कार्यक्रम जैसा है। उद्घाटन में अभिनेता शाहरुख खान सहित अन्य विशिष्ट हस्तियों ने भी शिरकत की।