
शाहजहांपुर। अलग-अलग कारणों से समाज में महिलाओं को प्रताड़ित करने के मामले अक्सर सामने आते हैं। लेकिन इस बार एक व्यक्ति ने तो सारी हदें पार कर दी और अपनी पत्नी की नाक ही चबा डाली। मामला उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर के लखीमपुर खेरी का है जहां राज कुमारी नाम की महिला अपने पति और ससुराल वालों के अत्याचार की शिकार बनी हैं।
दरअसल राज कुमारी की शादी दो साल पहले शिव प्रसाद के साथ हुई थी। शादी के बाद राज कुमारी कम्प्यूटर क्लास जाना चाहती थी साथ ही दूसरी औरतों की तरह मॉडर्न कपड़े पहनना चाहती थी। उसकी यह इच्छा उसके पति को मंजूर नहीं थी। इसके बावजूद राज कुमारी ने कम्प्यूटर क्लास जाना शुरू किया और मॉडर्न कपड़े पहनना भी जारी रखा।
इससे नाराज उसके पति ने मंगलवार को भी उससे इस बात पर झगड़ा किया और जब बात बढ़ गई तो उसने गुस्से में राज कुमारी की नाक ही चबा डाली। इसके बाद शिव प्रसाद ने थाने जाकर सरेंडर कर दिया। घटना के बाद महिला ने आरोप लगाया है कि उसका पति और ससुराल वाले दहेज के लिए उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। महिला के परिजनों ने उसके पति के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज करवाई है।