
कोट्टयम। नगालैंड में विद्रोहियों के साथ संघर्ष में 24 साल पहले शहीद हुए सेकेंड लेफ्टिनेंट ई थॉमस जोसेफ के शारीरिक अवशेष शुक्रवार को पूरे राजकीय और सैन्य सम्मान के साथ दफनाए गए। शहीद सेना के अधिकारी का कांजीरामट्टम के होली क्रास चर्च में हुई प्रार्थना सभा के बाद अंतिम संस्कार किया गया।
जोसेफ नगा विद्रोहियों से लड़ते हुए 12 जून, 1992 को शहीद हुए थे। उनके पार्थिव शरीर को नजदीक के चकाबामा चर्च के नजदीक दफना दिया गया था। लेकिन उसके बाद शहीद के माता-पिता की इच्छा पर सेना के अधिकारियों ने जोसेफ के पार्थिव शरीर को केरल स्थित उनके गृहनगर लाने की रूपरेखा तैयार की।
कब्र से निकालकर जोसेफ के ताबूत को कांजीरामट्टम पहुंचाया गया, जहां शहीद के पिता रिटायर्ड सूबेदार मेजर एटी जोसेफ और उनकी मां रोसम्मा जोसेफ ने उसे ग्रहण किया। दोनों ने नम आंखों से अपने बेटे के ताबूत को चूमा और लाड़ले को अंतिम विदाई दी।