
नई दिल्ली। देश में शिक्षा की हालत बहुत खराब है। आलम यह हो गया है कि पढ़े-लिखे तो कई मिल जाएंगे, लेकिन शिक्षित और किसी विषय के जानकार का मिलना मुश्किल है। हाल ही में किए गए एक सर्वे में पता चला है अर्थशास्त्र में एमए करने वाले छात्र छठवीं कक्षा के साधारण गणित के सवालों को भी नहीं हल कर पाए।
सावित्रीबाई फूले पुणे यूनिवर्सिटी की प्रोफेसर रोहिनी साहनी और पोस्ट डॉक्टरल फैलो वी कल्याण शंकर ने एक सर्वे किया था। उन्होंने बताया कि 200 छात्रों में से महज 11 छात्र ही सभी छह सवालों के सही जवाब दे पाए। यानी करीब 94.5 फीसद छात्र फेल हो गए।
इस सर्वे के लेखकों ने महाराष्ट्र की उस सरकारी यूनिवर्सिटी का नाम नहीं बताया है, जिसके छात्रों ने वर्ष 2012-2013 में इस शोध में हिस्सा लिया था। इस रिपोर्ट का नाम 'एस्टीमेटिंग लर्निंग डेफिसिट एट पीजी लेवल' था। शिक्षाविदों का कहना है कि मूलभूत समस्या स्कूलों में कमजोर पढ़ाई है, जो उच्च शिक्षा में भी जारी रहती है।
कुछ शिक्षावदों ने खराब प्रदर्शन करने वाले स्कूलों पर कड़ी कार्रवाई करने की सिफारिश की है। साहनी ने बताया कि अर्थशास्त्र के छात्र के लिए 10वीं कक्षा के स्तर की गणित की जरूरत होती है। मगर, वह और शंकर छात्रों के बुनियादी अंकगणितीय क्षमताओं को परखना चाहते थे।