
चीन से जारी तनाव के बीच गुरुवार को भारत के रक्षा मंत्रालय ने 33 नए लड़ाकू विमान खरीद के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। इनमें 21 MiG-29 विमान शामिल हैं। ये सभी विमान रूस से खरीदे जाएंगे। इस पर कुल मिलाकर 8,148 करोड़ खर्च आएगा। रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, 33 लड़ाकू विमानों में 12 सुखोई-30 विमान भी शामिल हैं। इसके अलावा 59 मौजूदा MiG-29 विमानों को अपग्रेड करने पर भी सहमति बनी है। दोनों देशों के बीच होने वाली इस बड़ी और महत्वपूर्ण डील पर डिफेंस एक्जिविशन काउंसिल ने आखिरी फैसला लिया है। विमानों को अपग्रेड करने पर 7,418 करोड़ रुपए खर्च आएगा।
और मजबूत होगी भारतीय सेना
लड़ाकू विमानों की खरीद के साथ ही राजनाथ सिंह के मंत्रालय ने 248 अस्त्र एयर मिसाइल खरीदने का भी फैसला किया है। ये मिसालइ वायु सेना और नौसेना, दोनों के काम आ सकेगी। इसके साथ ही डीआरडीओ द्वारा बनाई गई एक हजार किलोमीटर रेंज वाली क्रूज मिसाइल के डिजाइन को भी मंजूरी मिल गई है।
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति के बीच टेलीफोन पर बातचीत
पीएम मोदी ने गुरुवार को रूस के राष्ट्रपति व्लादीमीर पुतिन से टेलीफोन पर बातचीत की। प्रधानमंत्री ने द्वितीय विश्व युद्ध में विजय की 75 वीं वर्षगांठ के अवसर पर मनाए जा रहे समारोहों की सफलता और रूस में संवैधानिक संशोधनों पर वोट के सफल समापन के लिए गर्मजोशी से बधाई दी। प्रधानमंत्री ने 24 जून 2020 को मास्को में आयोजित सैन्य परेड में एक भारतीय टुकड़ी की भागीदारी को याद करते हुए, इसे भारत और रूस की जनता के बीच स्थायी दोस्ती का प्रतीक बताया।
दोनों नेताओं ने कोविड -19 वैश्विक महामारी के नकारात्मक परिणामों को दूर करने के लिए दोनों देशों द्वारा किए गए प्रभावी उपायों की चर्चा की और कोविड के बाद की दुनिया की चुनौतियों से मिलकर मुकाबला करने के लिए भारत और रूस के करीबी रिश्तों के महत्व पर सहमति व्यक्त की।
दोनों नेता द्विपक्षीय संपर्क और परामर्शों की गति बनाए रखने पर सहमत हुए, जिससे इस वर्ष के अंत में भारत में होने वाले वार्षिक द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन का आयोजन किया जा सके। प्रधानमंत्री ने द्विपक्षीय शिखर सम्मेलन के लिए भारत में राष्ट्रपति पुतिन का स्वागत करने के लिए अपनी उत्सुकता व्यक्त की।
राष्ट्रपति पुतिन ने फोन कॉल के लिए प्रधानमंत्री को धन्यवाद दिया और सभी क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त सामरिक साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता को दोहराया।