
नई दिल्ली। रक्षा शोध एवं अनुसंधान संस्थान (डीआरडीओ) की मिसाइल यूनिट में काम करने वाली एक पूर्व शोधकर्ता ने एक वरिष्ठ वैज्ञानिक के खिलाफ यौन उत्पीड़न की शिकायत डीआरडीओ के मुख्यालय में की है।
पीड़िता ने कहा कि हैदराबाद की हाईप्रोफाइल मिसाइल यूनिट में उसकी शिकायत को नजरंदाज कर दिया गया, जिसके चलते उन्हें यह कदम उठाना पड़ा। हैदराबाद में अनुबंध पर काम करने वाली पीड़िता को 30 सितंबर को नौकरी से बर्खास्त कर दिया गया था।
शोधकर्ता ने आरोप लगाया कि एडवांस्ड सिस्टम्स लैबरेटरी की डायरेक्टर और मिसाइल वुमन के नाम से मशहूर टेसी थॉमस ने उन पर शिकायत वापस लेने के लिए उन पर दबाव बनाया था। वर्ष 2012 में परमाणु हथियार ले जाने में सक्षम लंबी दूर की मिसाइल अग्नि-5 के सफल परीक्षण में अहम भूमिका निभाने के कारण टेसी 'मिसाइल वुमन' के नाम से मशहूर हो गईं थीं।
डीआरडीओ मुख्यालय को 14 सितंबर को भेजे गए पत्र में रिसर्चर ने आरोप लगाया है कि उन्होंने अपने सुपरवाइजर और ग्रेड ई-अधिकारी श्रीनिवास के खिलाफ सबूत दिए थे, फिर भी टेसी ने कार्रवाई नहीं की। हालांकि, इस बारे में सफाई देते हुए टेसी ने कहा कि यह मामला सही नहीं लग रहा था। हमने जांच के लिए एक कमिटी बनाई थी। आरोप सही नहीं पाए गए।