
आइजोल। लोकतंत्र की यही खूबी है कि चुनाव के वक्त जनता, राजा होती है और उसके दर पर जाकर अमीर प्रत्याशियों को भी वोट की भीख मांगना पड़ती है। मिजोरम विधानसभा चुनाव में कुछ ऐसा ही हाल देखने को मिल रहा है। राज्य के सबसे अमीर प्रत्याशी मिजो नेशनल फ्रंट (एमएनएफ) के रॉबर्ट रोमाविया रोयटे पैदल लोगों के घर जाकर वोट मांग रहे हैं।
उनके पास 55 करोड़ की घोषित संपत्ति है। वह एक लोकप्रिय फुटबॉल क्लब व लग्जरी कारों के बेड़े के मालिक हैं। मगर, अभी पैदल जाकर घर-घर वोटों की गुहार लगा रहे हैं। रोयटे आइजोल पूर्व-2 सीट से मुख्य विपक्षी पार्टी एमएनएफ के प्रत्याशी हैं। वह पहली बार विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं।
रोयटे ऐसी सीट से चुनाव लड़ रहे हैं, जहां से राज्य में सत्तारूढ़ कांग्रेस ने वरिष्ठ नेता व निवर्तमान वित्त मंत्री लालसावता को मैदान में उतारा है। एनएनएफ के नेता रोयटे 2014 में निर्दलीय प्रत्याशी के तौर पर लोकसभा चुनाव लड़े थे, लेकिन हार गए थे।
51 वर्षीय करोड़पति कारोबारी ने कहा कि वह "ईको फ्रेंडली" चुनाव लड़ रहे हैं। न हो हल्ला न नारेबाजी। ज्ञात हो कि मिजोरम की 40 सदस्यीय विस के लिए 28 नवंबर को वोट पड़ेंगे। मतगणना सभी राज्यों के साथ 11 दिसंबर को ही होगी।