
अगरतला। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री एवं माकपा के वरिष्ठ नेता माणिक सरकार को भी मोदी सरकार से बहुत उम्मीदें हैं। माणिक सरकार के मुताबिक उन्हें उम्मीद है कि नरेंद्र मोदी की अगुआई में एनडीए सरकार भारत के संघीय ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्र-राज्य संबंधों में सुधार लाएगी।
सरकार ने गुरुवार को यहां पत्रकारों से कहा, "ऐसी आशा है कि भाजपा नेतृत्व वाली केंद्र सरकार भारत के संघीय ढांचे को मजबूत करने के लिए केंद्र-राज्यों संबंधों का विकास करेगी। नरेंद्र मोदी प्रधानमंत्री बनने से पहले गुजरात के मुख्यमंत्री थे। केंद्र-राज्य संबंध के महत्व को वह बेहतर तरीके से जानते हैं। हमें कुछ समय इंतजार कर देखना होगा कि नई सरकार कैसा प्रदर्शन करती है।"
त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने कहा, सभी शक्तियों और सत्ता को केंद्र सरकार के साथ सहयोग करना चाहिए। हम राज्य सरकारों को और अधिक शक्तिशाली बनाए जाने की मांग करते रहे हैं। इससे पहले कांग्रेस के नेतृत्व वाली यूपीए सरकार ने मूलभूत मांगों को भी दरकिनार कर दिया था।