नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को इंडिया गेट से सफाई अभियान की शुरुआत की घोषणा की। उन्होंने बताया कि लाल बहादुर शास्त्री ने मंत्र दिया था 'जय जवान, जय किसान' और हिंदुस्तान के किसानों ने उस एक आह्वान पर देश में अन्न के भंडार भर दिए थे। बापू ने क्िवट इंडिया मूवमेंट चलाया था, वह तो पूरा हो गया। मगर, बापू का क्लीन इंडिया का सपना अधूरा है।
मोदी ने कहा कि यहां क्लाउड सोर्सिंग के माध्यम से मैंने लोगों से कहा था कि सफाई अभियान के लिए लोगो दीजिए। महाराष्ट्र के विजय और गुजरात की बहन भाग्यश्री ने यह लोगो दिया। स्वच्छता अभियान के लिए चश्मे के लोगो उन्होंने दिया है। इस चश्मे से गांधीजी देख रहे हैं कि आपने देश के लिए क्या किया। देश को स्वच्छ किया या नहीं।
इस अभियान का स्लोगन 'एक कदम स्वच्छता की ओर' दिया गया। मोदी ने देशवासियों से पूछा कि क्या सफाई इस देश को गंदगी से मुक्त करा सकती है। क्या यह सिर्फ सफाईकर्मियों की ही जिम्मेदारी है। क्या सवा सौ करोड़ देशवासी हर अच्छाई या बुराई के लिए उन्हें ही कोसते रहेंगे। क्या हमारे देशवासियों का कोई दायित्व नहीं है।
उन्होंने कहा कि गंदगी को खत्म करने के लिए हम सभी को मिल-जुलकर काम करना है। उन्होंने कहा कि पुरानी आदत बदलने में समय लगता है। हमारे पास 2019 तक का समय है, देश को स्वच्छ करने का। तब देश गांधीजी की 150वीं वर्षगांठ मना रहा होगा और तब तक हमें देश को साफ और स्वच्छ करना है। सबसे कम खर्च में मंगल तक पहुंचने वाला भारतीय क्या अपने गली-मोहल्ले को साफ नहीं कर सकता।
मोदी ने कहा कि मैं जानता हूं कि कुछ ही दिनों में मेरी आलोचना शुरु होने वाली है कि देखो क्या हुआ? मैं इसके लिए तैयार हूं। मोदी ने सफाई करने वालों में सेवा दल का भी नाम लिया। उन्होंने कहा कि देश की सफाई का काम राष्ट्रभावना से प्रेरित होना चाहिए राजनीतिक रंग से नहीं रंगा होना चाहिए।
मोदी ने कहा कि सफाई सामाजिक दायित्व होना चाहिए। देश को गंदगी से मुक्त कराना सवा सौ देश वासियों का है। इसमें से एक मोदी भी है। सिर्फ मोदी ही है, ऐसा नहीं है। इस बात को मैं सवा सौ करोड़ बार बोलूंगा। हम सबको मिलकर देश को स्वच्छ बनाना है।
नौ लोगों को दिया निमंत्रण
सफाई अभियान के लिए मैंने नौ लोगों को निमंत्रित किया है। और इन नौ लोगों को आगे नौ लोगों को सफाई के लिए प्रेरित करने के लिए निमंत्रण करने का आह्वान करने के लिए कहा है। यह नौ-नौ लोगों की चेन आगे बढ़ती रहनी चाहिए। इस काम के लिए मैंने गोवा की राज्यपाल मृदुला सिन्हा, भारत रत्न सचिन तेंदुलकर, योग गुरु बाबा रामदेव, कांग्रेसी नेता शशि थरूर, अनिल अंबामी, कमल हसन, सलमान खान, बहन प्रियंका चोपड़ा, तारक मेहता का उल्टा चश्मा की पूरी टीम को इस काम को आगे बढ़ाने के लिए निमंत्रित किया है।
लोगों को दिलाई शपथ
अभियान को शुरू करने के साथ मोदी ने लोगों को स्वच्छता की शपथ दोहराने को कहा। कहा, 'मैं शपथ लेता हूं कि मैं स्वयं स्वच्छता के प्रति सजग रहूंगा। मैं शपथ लेता हूं कि हर वर्ष 100 घंटे यानी हर सप्ताह दो घंटे श्रमदान कर स्वच्छता के लिए काम करूंगा। मैं न गंदगी करूंगा, न किसी और को करने दूंगा। मैं गांव-गांव और गली-गली स्वच्छ भारत मिशन का प्रचार करूंगा। मैं आज जो शपथ ले रहा हूं वह अन्य सौ लोगों से भी करवाऊंगा। मुझे मालूम है कि स्वच्छता की तरफ बढ़ाया गया मेरा एक कदम पूरे भारत देश को स्वच्छ बनाने में मदद करेगा।' इस मौके पर आमिर खान भी मोदी के साथ मंच पर मौजूद थे। उन्हें वैंकैया नायडू ने मंच पर बुलाया था। पीएम ने इस दौरान यह अपील भी की कि इस अभियान को राजनीति से नहीं जोड़ा जाए।
- Font Size
- Close
- # Clean India
- # swachhta abhiyan
- # india
- # gandhi ji
- # step
- # hygiene
- # slogan