_m.webp)
डिजिटल डेस्क, इंदौर। उत्तर भारत में गर्मी के तेवर कम नहीं हो रहे हैं। मौसम विभाग ने आज भी दिल्ली सहित उत्तर-पश्चिमी राज्यों में लू चलने का अलर्ट जारी किया है। वहीं दूसरी ओर दक्षिण भारत में मौसम में बदलाव हो रहा है। मानसून तेजी से आगे बढ़ रहा है और केरल, तमिलनाडु जैसे राज्यों में प्री-मानसून गतिविधियां शुरू हो चुकी है। समाचार एजेंसी एएनआई के मुताबिक, तमिलनाडु के कांचीपुरम जिले के आसपास के इलाकों में लगातार बारिश से तापमान में गिरावट आई है। इससे किसानों और जनता को राहत मिली है।
#WATCH कांचीपुरम, तमिलनाडु: कांचीपुरम जिले के आसपास के इलाकों में लगातार बारिश से किसान और जनता को राहत मिली। (21.05) pic.twitter.com/T20WAlly4X
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 21, 2024
मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर सहित उत्तर पश्चिमी राज्यों के लिए रेड अलर्ट की स्थिति को अगले 5 दिनों के लिए बढ़ा दिया है। यहां फिलहाल तापमान में गिरावट की उम्मीद नहीं है। मौसम विभाग के मुताबिक, पाकिस्तानी क्षेत्र में एक पश्चिम विक्षोभ की स्थिति निर्मित हो रही है, लेकिन उसका प्रभाव भारतीय भूभाग पर कितना होगा, यह स्पष्ट नहीं है। IMD के मुताबिक, आने वाले 5 दिनों तक पंजाब, राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली, गुजरात एवं पश्चिम उत्तर प्रदेश में प्रचंड गर्मी का सिलसिला जारी रह सकता है।
#WATCH दिल्ली: IMD के वरिष्ठ वैज्ञानिक नरेश कुमार ने कहा, "राजस्थान, उत्तर प्रदेश में आगामी 5 दिनों के लिए हीट वेव का रेड अलर्ट और मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्से के लिए ऑरेन्ज अलर्ट जारी किया गया है... तमिलनाडु, केरल में आगामी 2-3 दिन बारिश होगी..." pic.twitter.com/arxrqFs4Vt
— ANI_HindiNews (@AHindinews) May 21, 2024
मौसम विभाग ने दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर कम दबाव का एक क्षेत्र बनने की संभावना जताई है। मौसम वैज्ञानिकों ने कहा है कि कम दबाव के क्षेत्र के उत्तर-पूर्व की ओर बढ़ने के कारण 24 मई की सुबह तक बंगाल की खाड़ी के मध्य भाग में आकर एक चक्रवात बन सकता है। इस कारण 25 मई तक बंगाल की खाड़ी में तेज हवाएं चल सकती है। मौसम विभाग ने मछुआरों को अलर्ट रहने के लिए कहा है।