
मेंगलोर। सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील मेंगलोर के तटीय कस्बे में एक मुस्लिम युवक को नग्न कर खंबे से बांध दिया गया। भरे बाजार में उसे एक घंटे तक ऐसे ही बांधे रखा गया और पीटा गया। कारण, वह हिंदू महिला से बात कर रहा था। स्थानीय केबल टीवी चैनल पर घटना के वीडियो दिखाए जाने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने बजरंग दल के 30 संदिग्ध कार्यकर्ताओं में से 14 को गिरफ्तार किया है, जो बारी-बारी से मुस्लिम युवक को पीट रहे थे। वह व्यक्ित मेंगलोर के एक स्टोर में मैनेजर है और महिला उसी स्टोर में बतौर सेल्सगर्ल काम करती है।
यह भी पढ़ें : एक दिन में चार दुष्कर्म, सुरक्षा के लिए निजी ऐप की मदद ले रही हैं महिलाएं
व्यक्ित ने पुलिस में दर्ज कराई शिकायत में बताया कि महिला ने उससे दो हजार रुपए उधार मांगे थे।वे एटीएम से पैसा निकालने जा रहे थे, तभी हाथ में चाकू और दंडा लिए कुछ लोगों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया।
भीड़ ने महिला को अधिक नुकसान नहीं पहुंचाया, लेकिन अपने साथी की वकालत करने के लिए तमाचे मारे। पिछले एक दशक में ऐसे कई हमलों की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें बजरंग दल, श्री राम सेना, हिंदू जागरण वैदिकी और इस्लामी गुट पापुलर फ्रंट ऑफ इंडिया जैसे समूह शामिल रहे हैं।