
नई दिल्ली। यू ट्यूब पर कुकिंग चैनल 'ग्रैंड पा किचन' चलाने वाले 73 साल के नारायण रेड्डी का निधन हो गया है। तेलंगाना के रहने वाले नारायण रेड्डी ने 27 अक्टूबर को अंतिम सांस ली। लोगों के बीच ग्रैंड पा के नाम से पहचाने जाने वाले नारायण रेड्डी गरीब बच्चों के लिए लजीज खाना बनाने के साथ ही उसे अनाथालयों में बांटते भी थे। नारायण रेड्डी ने साल 2017 में अपना यू ट्यूब चैनल लांच किया था। जिसके जरिये वह अलग अलग वैराइटी के फूड आइटम्स को बनाने की जानकारी देते थे। उनकी यू ट्यूब पर प्रसिद्धि का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उनके कुकिंग चैनल को 6 मिलियन यूजर्स द्वारा सब्सक्राइब किया गया है। नारायण रेड्डी के निधन की जानकारी भी उनके बनाए गए यू ट्यूब चैनल पर वीडियो शेयर कर दी गई।
नारायण रेड्डी द्वारा चलाए जा रहे कुकिंग चैनल में आमतौर पर वह खुले मैदान में खाना बनाते नजर आते थे। ग्रैंड पा के मेन्यू में विभिन्न तरह के फूड आइटम्स शामिल रहे हैं। इसमें चिकन बिरयानी, पिज्जा, बर्गर, चिकन लॉलीपॉप और क्रिस्पी पोटेटो फिंगर्स भी शामिल रह चुके हैं। अपने कुकिंग चैनल पर रेड्डी ने मीठी डिशेज जैसे ओरिओ और किटकेट मिक्स्ड चॉकलेट केक और रेड वेलवेट केक भी बनाने का तरीका यूजर्स को बताया है।
ग्रैंड पा के निधन से दुखी यूजर्स
ग्रैंड पा किचन ने थोड़े से वक्त में ही यू ट्यूब पर अपनी अलग जगह बना ली थी। चैनल संचालक ग्रैंड पा नारायण रेड्डी यूजर्स के बीच खासे लोकप्रिय भी हो गए थे। ऐसे में उनके निधन की खबर सामने आने के बाद यूजर्स में शोक की लहर दौड़ गई है। नेट पर उन्हें यूजर्स द्वारा श्रद्धांजलि दी जा रही है। एक यूजर ने उन्हें श्रध्दांजलि देते हुए लिखा कि 'ग्रैंड पा किचन के ग्रैंड पा का 27 अक्टूबर को निधन हो गया है...मैंने कभी अपने दादा को नहीं देखा लेकिन जैसा उन्होंने कहा यह तुम्हारे ग्रैंड पा...मैंने कुछ नहीं सिर्फ प्यार और अपनापन महसूस किया। मैं बहुत दुखी हूं।'
एक यूजर ने लिखा कि ग्रैंड पा असली हीरो थे। वह गरीब बच्चों को खिलाने के लिए खाना बनाते थे। मैं उम्मीद करता हूं उन्होंने जो शुरू किया था उसे कोई आगे बढ़ाएगा।