15 लाख के इनामी खूंखार नक्सली रवींद्र गंझू की पत्नी ललिता को पुलिस ने किया गिरफ्तार
रवींद्र अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसके गिरोह में करीब 15 से 20 नक्सली काम करते हैं।
By Shashank Shekhar Bajpai
Edited By: Shashank Shekhar Bajpai
Publish Date: Fri, 26 Jul 2019 12:44:42 PM (IST)
Updated Date: Fri, 26 Jul 2019 12:47:58 PM (IST)

लोहरदगा। भाकपा माओवादी के रीजनल कमेटी सदस्य और 15 लाख रुपए के इनामी नक्सली रवींद्र गंझू की पत्नी ललिता देवी को लोहरदगा पुलिस ने रायडीह से गिरफ्तार किया है। वह भी नक्सली घटनाओं में अपने पति का साथ देती थी। उसकी गिरफ्तारी से नक्सली गतिविधियों पर अंकुश लगेगा। बीते चार दिनों में नक्सली रवींद्र को लगा यह दूसरा बड़ा झटका है।
लोहरदगा पुलिस ने 22 जुलाई को नक्सली फुलेश्वर गंझू को गिरफ्तार किया था, जो रवींद्र का करीबी और खूंखार नक्सली है। हालांकि, रवींद्र अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसके गिरोह में करीब 15 से 20 नक्सली काम करते हैं। ये नक्सली गिरोह गुमला, लातेहार और लोहरदगा जिले की पुलिस के लिए चुनौती बने हुए हैं।
लोहरदगा एसपी प्रियदर्शी आलोक ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि नक्सली ललिता देवी के खिलाफ न्यायालय से वारंट जारी किया गया था। इस पर कार्रवाई करते हुए लोहरदगा पुलिस ने गुमला पुलिस के सहयोग से शुक्रवार को अल सुबह रायडीह थाना क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया है।
लोहरदगा एसपी ने बताया कि ललिता देवी नक्सल गतिविधियों में संलिप्त थी। एसपी ने बताया कि ललिता देवी की गिरफ्तारी के बाद कई नक्सली घटनाओं का खुलासा होगा। फिलहाल लोहरदगा पुलिस गिरफ्त में आई नक्सली ललिता देवी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई के साथ ही नक्सली रवींद्र गंझू की गिरफ्तारी के लिए पुलिस कोशिश कर रही है।