
लखनऊ। इलाहाबाद से फैजाबाद जा रही उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (यूपी रोडवेज) की बस में आज अमेठी में आग लगने से नौ लोगों की मौत हो गई। इस दुर्घटना में 16 लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं।
एक मृतक की पहचान सुल्तानपुर के जयसिंहपुर के अंकित मिश्रा (17 वर्ष) के रूप में हुई है। अंकित की शिनाख्त उसके चाचा ने ही की है, जो बस में सफर कर रहे थे। अंकित के चाचा भी इस आग में झुलस गये हैं। इनके साथ ही झुलसे 15 लोगों का सुल्तानपुर के जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
घायलों में विश्वनाथ (28) पुत्र लक्ष्मीप्रसाद यादव निवासी सहादतगंज जिला फैजाबाद, रामजनम शर्मा (35) पुत्र रामदेव निवासी खरगपुर, थाना गोसाईंगंज जिला सुल्तानपुर, अर्चना (26) पत्नी कमरेंद्र राय व उनका पुत्र उत्कर्ष (6 माह), रामकिशोर (50) पुत्र सोमई निवासीगण कोड़ापुर, गोसाईंगंज जिला सुल्तानपुर, विमला (40) पत्नी देवतादीन निवासी बरौंसा सुल्तानपुर तथा लीलावती पत्नी रामकिशोर निवासी एचएल कोरवा मुंशीगंज-अमेठी हैं। घायलों में दस वर्षीय अंश भी शामिल है, जिसका पता अभी तक मालूम नहीं हो सका है।
जिलाधिकारी अमेठी ने इस घटना के मजिस्ट्रेटी जांच के आदेश दिए हैं। इस घटना में लोगों को अपनों से मिलाने के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। हेल्पलाइन नंबर 05368-244300 तथा 9454416183 से जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
गौरतलब है कि इलाहाबाद से फैजाबाद जा रही फैजाबाद डिपो की रोडवेज बस में अमेठी के पीपरपुर थाना क्षेत्र के संसारीपुर गांव में सुबह करीब दस बजे आग लग गई। माना जा रहा है कि बस में आग बिजली का तार छूने से लगी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि बस में लोग सीट पर बैठे ही बैठे झुलस गये हैं। काफी नीचे लटके इस तार से बस में छू जाने से बस में आग लग गई। जब तब कोई कुछ समझता तब तक बस में काफी आग फैल गई थी। कुछ लोगों ने खिड़की से कूदकर अपनी जान बचाने का प्रयास किया तो कुछ लोग भगदड़ में बस में ही गिरकर आग की चपेट में आ गये। बस से बाहर न निकल पाने के कारण नौ लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। बस में गैस के कुछ सिलिंडर भी मिले हैं।
मृतकों को पांच-पांच लाख का मुआवजा
जर्मनी दौरे से आज लखनऊ पहुंचे मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अमेठी में रोडवेज बस में आग लगने से नौ लोगों की मौत पर दुख जताने के साथ मृतक के परिवारवालों को पांच-पांच लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान करने की घोषणा की है। अखिलेश यादव ने जिलाधिकारी अमेठी को यह आदेश दिया है। इसके साथ ही सीएम ने आग में झुलसे लोगों का फ्री इलाज करने का भी निर्देश दिया है। झुलसने वालों को भी 50-50 हजार रुपया प्रदान किया जाएगा।