
गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के पूर्वांचल में इंसेफ्लाइटिस का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। पिछले 24 घंटे में बीआरडी मेडिकल कॉलेज में 21 नए मरीज भर्ती किए गए जबकि नौ अन्य की मौत हो गई। नेहरू अस्पताल में 148 मरीजों का इलाज चल रहा है। मेडिकल कॉलेज में बीमारी के कारण गोरखपुर व देवरिया के दो-दो तथा बस्ती, बलरामपुर, कुशीनगर व संतकबीरनगर के एक-एक मरीज की मौत हुई है। इसके अलावा बिहार के एक मरीज की भी मौत हो गई है।
इस साल अब तब मेडिकल कॉलेज में 724 मरीज इलाज के लिए आ चुके हैं जिनमें से 213 की मौत हो चुकी है। मेडिकल कॉलेज में मरीजों की संख्या बढ़ती जा रही है। फिलहाल डेढ़ सौ मरीज भर्ती हैं। यदि इसी तरह मरीज भर्ती होते रहे तो यहां बेड कम पड़ सकते हैं।