
लखनऊ। निषाद आंदोलन की आग अब अन्य जिलों में भी सुलगने लगी है। गोरखपुर में अतिरिक्त आरक्षण की मांग वाले आंदोलन के दौरान निषाद संघ के लोगों पर लाठीचार्ज और फायरिग के विरोध में राष्ट्रीय निषाद संघ सड़क पर उतर आया है। मंगलवार को कानपुर और इलाहाबाद में प्रदर्शन व पुतला फूंका गया।
कानपुर में संघ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रमेश वर्मा की अगुवाई में प्रदर्शनकारी सुबह कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के विरुद्ध नारेबाजी की। मुख्यमंत्री और पुलिस का पुतला भी फूंका। कहा गया कि समाज के लोगों को अनुसूचित जाति में शामिल करने की मांग को प्रदेश सरकार को स्वीकार करना ही होगा। निरीह प्रदर्शनकारियों पर फायरिग करने वाले पुलिसवालों के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज करने और मारे गए युवक के परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक मदद देने की मांग की गई।
इलाहाबाद में दिनभर बैठकों का दौर चला और बुधवार को सिविल लाइंस में प्रदर्शन का एलान किया गया है। राष्ट्रीय अपना दल के अध्यक्ष चौधरी परशुराम निषाद के नेतृत्व में मंगलवार को प्रयाग रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन किया गया।