
नई दिल्ली। टोल टैक्स वसूली पर केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने आज लोकसभा में बड़ा एलान किया। उन्होंने कहा कि सड़क का सौ फीसद काम पूरा होने के बाद ही टैक्स वसूलना शुरू किया जाएगा। साथ ही पूरे प्रोजेक्ट का खर्च निकलने के बाद यह वसूली बंद कर दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि सरकार इस संबंध में नियम बनाने जा रही है। वर्तमान में यूपीए सरकार की व्यवस्था लागू है, जिसके तहत सड़क निर्माण का 75 फीसदी काम पूरा होते ही टोल टैक्स वसूली शुरू कर दी जाती थी।
इसका फायदा उठाते हुए ठेकेदार कंपनी शेष 25 फीसद काम लंबे समय तक बाकी रखती थी। कई स्थानों पर सर्विस रोड नहीं बनाए जाने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना भी करना पड़ा है।
नहीं टूटेगा रामसेतु
गडकरी ने एक और बड़ी घोषणा की कि सेतु समुद्रम परियोजना के लिए राम सेतु नहीं तोड़ा जाएगा। भारत और श्रीलंका को समुद्र मार्ग से जोड़ने के लिए सेतु समुद्रम परियोजना पर काम चल रहा है। कहा गया था कि राम सेतु इसके बीच में आ रहा है और उसे तोड़ा जाएगा।
बहरहाल, अब नरेंद्र मोदी सरकार ने स्पष्ट कर दिया है कि राम सेतु नहीं तोड़ा जाएगा। सेतु समुद्रम के लिए दूसरा रास्ता तलाशा जाएगा।