
नई दिल्ली। दिल्ली से करीब सौ किलोमीटर दूर यूपी के शामली जिले का कैराना इन दिनों देश भर में चर्चा का केंद्र बना हुआ है। भाजपा सांसद का दावा है कि कैराना में रहने वाले तीन सौ से ज्यादा हिंदू परिवार मुस्लिमों के खौफ की वजह से पलायन कर चुके हैं। अब यह मामला गर्मा गया है। इस मामले में अब विश्व हिंदू परिषद (VHP) भी कूद पड़ा है।
वीएचपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल का समाजवादी पार्टी सरकार पर आरोप है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश की स्थिति ने एक बार फिर भारत विभाजन और कश्मीर से हिंदुओं के पलायन के जख्मों को हरा कर दिया है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान और बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हो रहे मानवाधिकारों के हनन की बात तो समझ आती है, लेकिन जिस देश में बहुसंख्यक समुदाय अपने तथाकथित अल्पसंख्यकों के अतिवाद के कारण पलायन करने लग जाएगा तो आखिर हिंदू और कहां जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के अनेक भाग जिहादियों के आतंक से पीड़ित हैं। प्रदेश सरकार यदि हिंदुओं की सुरक्षा करने में नाकाम हैं तो केंद्र सरकार को अविलंब हस्तक्षेप कर हिंदुओं के अपहरण, हत्या, धर्मांतरण, लव जिहाद तथा महिला व बाल शोषण को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने चाहिए।
उन्होंने बताया कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कैराना गांव से पलायन किए 246 हिंदू परिवारों की सुख, समृद्धि व राज्य सरकार की बुद्धि शुद्धि के लिए यज्ञ भी किया गया।
यहां पर याद दिला दें कि भाजपा के सांसद हकुम सिंह ने 346 लोगों की एक लिस्ट भी जारी की है। आरोप लगाया गया है कि यहां रहने वाले हिंदुओं से मुस्लिम समुदाय के लोग मारपीट करते हैं, वसूली करते हैं जिस वजह से हिंदू परिवार पलायन कर रहे हैं।
मानवाधिकार आयोग ने यूपी सरकार को नोटिस भेजकर इस पर जवाब की मांग की है। सांसद हुकुम सिंह जो दावे किए हैं वो बेहद चौंकाने वाले हैं।
सांसद हुकुम सिंह के दावे के मुताबिक, कैराना से ये पलायन का सिलसिला पिछले चार सालों से बदस्तूर जारी हैं, कैराना के हालात श्रीनगर की तरह हो गए हैं। कैराना में हफ्ता वसूली लूट मारपीट की घटनाओं की वजह से व्यापारी दहशत में है और आज भी जो लोग अच्छा कारोबार कर रहे हैं वो हफ्ता वसूली का शिकार हैं।
सांसद हुकुम सिंह के दावे के मुताबिक दावा किया की कैराना के कारोबारियों को जेल बैठे दादाओं को आज भी हफ्ता पहुचना पड़ता है,अगर पुलिस निष्पक्षता से पुरे प्रकरण की जांच करे तो सारी सच्चाई सामने आ सकती हैं।
पूरी रिपोर्ट पर सहारनपुर के डीआईजी का एके राघव का कहना है कि अभी पता चला है कि कोई लिस्ट जारी हुई है लिस्ट मंगा रहे है लिस्ट में एक एक आदमी की वेरिफिकेशन करेंगे कि किस परिस्थिति में गए है क्यों गए है।