
नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को देश में सेतु भारतम प्रोजेक्ट लॉन्च कर दिया। पीएम नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को विज्ञान भवन में एक कार्यक्रम के दौरान देश में सेतु भारतम प्रोजेक्ट लॉन्च कर दिया। इस प्रोजेक्ट के तहत साल 2019 तक सभी राष्ट्रीय राजमार्गो को रेलवे क्रॉसिंग से मुक्त बनाने की योजना है। इस दौरान उनके साथ केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गड़करी भी मौजूद थे।
प्रोजेक्ट लॉनच करने के बाद पीएम मोदी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार 2019 तक देश के सभी हाईवे को रेलवे क्रॉसिंग मुक्त करेगी साथ ही अंग्रेजों के जमाने में बने पुलों को फिर से बनाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि हमें समस्या को लेकर व्यापक दृष्टिकोण अपनाने की जरूरत है। हमें समस्या पता है और हम उसमें स्थाई बदलाव चाहते हैं। उन्होंने कहा कि सबसे पहले स्थिति के बारे में पूरी जानकारी होनी चाहिए और फिर उसके बाद उस दिशा में कदम उठाने चाहिए। पीएम मोदी ने ये भी कहा कि रेलवे सिर्फ वाहवाही से सफलतापूर्व नहीं चल सकती इसलिए हमने रेलवे लाइन को बढ़ाने का निर्णय किया है।
पीएम मोदी ने कहा कि पहले नई ट्रेनों की घोषणा सिर्फ सांसदों को खुश करने के लिए की जाती थी इसलिए कई प्रोजेक्ट अधुरे पड़े हुए हैं। साल 2016-17 के आम बजट की तारीफ करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि इस साल के बजट में ग्रामीण सड़कों के लिए बजट में बहुत से संसाधनों की व्यवस्था की गई है और सरकार का इस ओर ध्यान दे रही है।
सरकार ने इस परियोजना के तहत 208 स्थानों की रेल ओवर ब्रिज या अंडरपास निर्माण के लिए पहचान की है। इस परियोजना पर 10,200 करोड़ रुपये खर्च होने की उम्मीद है। इसके अलावा पुराने पुलों को हटाने के लिए 1500 नए पुलों का निर्माण करने का भी प्रस्ताव है।