
डिजिटल डेस्क, अहमदाबाद (Ahmedabad Plane Crash)। अहमदाबाद से लंदन जा रही एअर इंडिया की फ्लाइट A171 भारत की सबसे घातक विमान दुर्घटनाओं में से बन गई है। इस हादसे में एक में कम से कम 274 लोग मारे गए हैं। वहीं इस घटना के कई वीडियो भी आए जो काफी डराने वाले हैं। इन वीडियो को देखकर आप अंदाजा लगा सकते हैं कि घटना कितनी भयावह रही होगी। उनमें एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। जिसे उत्तर गुजरात के एक 17 वर्षीय नाबालिग आर्यन ने छत के ऊपर से बनाया था।
हादसे के बाद शुरुआत में इसी वीडियो से पता चला था कि इस विमान के साथ आखिर क्या हुआ था। वीडियो वायरल होने के बाद शनिवार को उसने पुलिस को अपना बयान दिया। शनिवार दोपहर को गायकवाड हवेली पुलिस के कुछ जवान मेघाणी नगर पहुंचे और नाबालिग आर्यन को अपने साथ ले गए।
17 वर्षीय नाबालिग आर्यन ने बताया कि वह अपने किराए के घर के पास मोबाइल फोन पर विमान की वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहा था, उसे यह नहीं पता था कि यह विमान जल्द ही 'आग के गोले' में बदल जाएगा। आर्यन ने कहा- 'मेरी रिकॉर्डिंग के 24 सेकंड के भीतर ही विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। मैंने जो कुछ भी देखा, उससे मैं बहुत डर गया था। मेरी बहन ने सबसे पहले वीडियो देखा।'
हालांकि बाद में अहमदाबाद पुलिस ने एक बयान जारी कर बताया कि आर्यन को गिरफ्तार नहीं किया गया है, केवल उसे पूछताछ के लिए ले जाया जा रहा है। पुलिस ने कहा कि आर्यन के साथ उसके पिता भी थे। उधर, आर्यन की बहन ने कहा कि वह अभी भी मानसिक तनाव में है, डरा हुआ है और यहां नहीं रहना चाहता।
आर्यन साबरकांठा के ईडर में अपनी मां व बहन के साथ रहता है। वह अहमदाबाद में किताबें खरीदने आया था। यहां उसके पिता किराये के मकान में रहते हैं, पहले वे भारतीय सेना में थे। अब यहां वाहन चलाते हैं। मकान मालिक कैलाशबेन ने बताया कि पुलिस जब घर पर आई तो हम डरे हुए थे, पुलिस ने बच्चे से पूछा था कि यह वीडियो कैसे बनाया।