
बैंगलुरू। पत्रकार गौरी लंकेश की हत्या के मामले के बाद से ही देश में सियासत गर्म है। कांग्रेस के साथ ही दूसरी पार्टियां पत्रकार की हत्या के मामले में संघ और कट्टरपंथियों को निशाने पर ले रही हैं। मगर इस मामले की जांच कर रही स्पेशल इंवेस्टिगेशन टीम ने विक्रम गौड़ा नाम के हार्डकोर नक्सली पर हत्या करने का शक जताया है।
इस हत्या के पीछे विक्रम गौड़ा के शामिल होने का संदेह इसलिए भी गहरा रहा है, क्योंकि हत्या की जांच के लिए आंध्रप्रदेश पुलिस ने भी बैंगलुरू में डेरा डाल दिया है। इस मामले में पुलिस पत्रकार गौरी के घर और ऑफिस को खंगाल रही है। वहीं छतीसगढ़ पुलिस भी इस केस के बारे में जानकारी जुटी रही है।
नक्सली विक्रम पत्रकार गौरी से नफरत करता था
गौरी लंकेश के भाई इंद्रजीत ने भी खुलासा किया है कि उनकी बहन नक्सलियों को मुख्यधारा में लाने का काम कर रही थी, पिछले चार सालों में गौरी ने नागाराजू, नूर जुल्फिकर श्रीधर, शिवू, रिजवान बेगम और कल्पना जैसे नक्सलियों से हिंसा का रास्ता छुड़ाने में कामयाब रही थीं। इसे लेकर ही उन्हें लगातार फोन पर धमकियां मिल रही थीं। इसी वजह से विक्रम गौड़ा पत्रकार गौरी से नफरत करने लगा था और उसके खिलाफ पर्चे बंटवाने लगा था। ऐसे में पुलिस की जांच में इस एंगल को भी हत्या की वजह माना रहा है।
कौन है विक्रम गौड़ा ?
हार्डकोर नक्सली विक्रम उडुप्पी जिले का है। दक्षिण भारत में नक्सल गतिविधियों को चलाने की जिम्मेदारी जहां तमिलनाडु के कुप्पुस्वामी के पास थी, वहीं कर्नाटक में नक्सल मूवमेंट चलाने की कमान विक्रम गौड़ा के हाथों में थी। जिस पर पत्रकार गौरी की हत्या के मामले में सबसे ज्यादा शक जताया जा रहा है। विक्रम के खिलाफ बीस केस दर्ज हैं और पिछले दो दशकों से नक्सल गतिविधियों से जुड़ा हुआ है। विक्रम कितना शातिर है,इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि वो तीन बार पुलिस के चंगुल से बचकर भाग चुका है। पिछले तीन सालों से उसके केरल में छुपे होने की भी खबर सामने आ रही है। मगर अबतक पुलिस उसे दबोच नहीं सकी है।