
पवन तिवारी,लखनऊ। एक लाख से ज्यादा शौचालय और 46 नाले, लेकिन गंगा और यमुना में बूंद भर भी गंदगी नहीं जाती। है न अचरज वाली बात। तकरीबन 3500 एकड़ और 20 सेक्टरों में फैले मेला क्षेत्र में सीवेज ट्रीटमेंट के अच्छे इंतजाम हैं। आइए देखते हैं कि आखिर इतनी बड़ी तादाद में बने शौचालय की गंदगी और नालों में बहने वाले कचरे का प्रबंधन कैसे होता है? गंगा की स्वच्छता के लिए इस बार शौचालयों का सीवेज सीधे ट्रीटमेंट प्लांट तक लाया जा रहा है। इसके लिए पूरे प्रयागराज शहर में छह सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट लगाए गए हैं। इसके अलावा मेला क्षेत्र से थोड़ी दूर हटकर दो जगह मिनी प्लांट भी लगाए गए हैं।
गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई, जल निगम के महाप्रबंधक पीके अग्रवाल के मुताबिक इन प्लांट से 268 एमएलडी (मिलियन लीटर रोजाना) का ट्रीटमेंट होता है। कुंभ मेले की वजह से सामान्य दिनों के मुकाबले यह मात्रा तीन एमएलडी अतिरिक्त हो जाती है। सारा सीवेज ट्रांसपोर्टेशन के जरिये प्लांट तक लाया जाता है।
महाप्रबंधक के मुताबिक, सीवेज के अलावा कुल 46 नालों के पानी का ट्रीटमेंट किया जाता है। इनमें से छह नालों का मॉड्युलर ट्रीटमेंट नीरी (नेशनल एनवायरनमेंटल इंजीनियरिग रिसर्च इंस्टीट्यूट) के जिम्मे है। चार नालों का एनपीसीसी और पांच नालों का दायित्व गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के पास है। बाकी नालों का बायोरेमेडिएशन यानी जैविक उपचार किया जाता है।
मॉड्युलर ट्रीटमेंट की इस तकनीक में जियो ट्यूब का प्रयोग का किया जाता है। जियो ट्यूब की खूबी यह है कि नाले के ठोस कचरे को छान लेता है। यानी पानी इतना साफ हो जाता है कि प्रवाहित होकर गिरे तो नदी के पानी की स्वच्छता पर कोई असर न हो।
बायोरेमेडिएशन ट्रीटमेंट की प्रक्रिया में एक्टिेवेटेड माइक्रोब्स पानी को गंदा करने वाले तत्वों को खा लेते हैं। सीवेज ट्रीटमेंट में ये बैक्टीरिया महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके जरिये भारी धातु और जहरीले केमिकल कम हो जाते हैं।