नई दिल्ली President Ram Nath Kovind । देश के राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने 12 विश्वविद्यालयों में नए कुलपतियों की नियुक्ति को मंजूरी दे दी है। शिक्षा मंत्रालय के अधिकारियों ने बताया है कि राष्ट्रपति ने 12 केंद्रीय विश्वविद्यालयों के लिए वाइस चांसलर की नियुक्तियों को मंजूरी दे दी है। इन विश्वविद्यालयों में हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय, हिमाचल प्रदेश, जम्मू, झारखंड, कर्नाटक, तमिलनाडु और हैदराबाद शामिल हैं। दक्षिण बिहार का केंद्रीय विश्वविद्यालय (गया), मणिपुर विश्वविद्यालय, मौलाना आजाद राष्ट्रीय उर्दू विश्वविद्यालय (MANUU), उत्तर-पूर्वी पहाड़ी विश्वविद्यालय (NEHU) और गुरु घासीदास विश्वविद्यालय, बिलासपुर भी उन विश्वविद्यालयों में शामिल हैं, जहां नए कुलपतियों की नियुक्ति की गई है।
President Ram Nath Kovind approves the appointment of Vice-Chancellors of 12 Central Universities: Ministry of Education pic.twitter.com/oYDGX5y8mG
— ANI (@ANI) July 23, 2021
राज्यसभा में शिक्षा मंत्री ने दी थी ये जानकारी
गौरतलब है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने गुरुवार को ही राज्यसभा में जानकारी दी थी कि केंद्रीय विश्वविद्यालयों में कुल 22 पदों पर कुलपतियों के पद खाली हैं, जिनमें से 12 पदों पर नियुक्तियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है।
प्रो.कामेश्वर नाथ सिंह बने दक्षिण बिहार विवि के नए कुलपति
जिन 12 लोगों को केंद्रीय विश्वविद्यालय का कुलपति बनाया गया है, उनमें प्रो.कामेश्वर नाथ सिंह का नाम भी शामिल हैं। प्रो. कामेश्वर नाथ सिंह को दक्षिण बिहार सेंट्रल यूनिवर्सिटी का नया कुलपति बनाया गया है। प्रो. कामेश्वर नाथ इसके पहले रज्जू भइया राज्य विश्वविद्यालय और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय में भी कुलपति के रूप में काम कर चुके हैं। प्रो. कामेश्वर नाथ मूल रूप से बलिया जिले के रहने वाले हैं और भूगोल विभाग में प्रोफेसर हैं। प्रोफेसर सिंह कई पुस्तकें लिख चुके हैं। 60 से अधिक रिसर्च पेपर उनके मार्गदर्शन में प्रकाशित हो चुके हैं।