
देश को आत्मनिर्भर बनाने की अपील के बीच शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए यूपी में 'आत्म निर्भर उत्तर प्रदेश रोजगार अभियान' की शुरुआत की है। इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ भी मौजूद रहे। बता दें कि हाल ही में देश में हुए लॉकडाउन के बाद सबसे ज्यादा मुश्किल उत्तर प्रदेश के लोगों को उठाना पड़ी है। कामकाज की तलाश में अन्य राज्यों में गए इन लोगों को लौटने में खासी मशक्कत का सामना करना पड़ा था। इसके बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में ही रोजगार मुहैया कराने का निर्णय लिया था। इसी कड़ी में इस अभियान की योजना पर काम शुरू किया गया था।
Prime Minister Narendra Modi launches ‘Atma Nirbhar Uttar Pradesh Rojgar Abhiyan' through video-conference in the presence of Chief Minister Yogi Adityanath pic.twitter.com/21x7BrAeia
— ANI UP (@ANINewsUP) June 26, 2020
पीएम मोदी ग्रामीणों से कर रहे बात
पीएम मोदी द्वारा योजना के शुभारंभ के बाद अब यूपी के 6 जिलों के ग्रामीणों से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए बात की जा रही है। पीएमओ के मुताबिक प्रदेश के सभी जिलों के ग्रामीण इस कार्यक्रम में हिस्सा ले रहे हैं।
प्रवासियों को रोजगार की कवायद
यूपी के 31 जिलों में ही 25 हजार से ज्यादा प्रवासी कामगार मौजूद हैं। ऐसे में इन लोगों के लिए सरकार ने रोजगार के इंतजाम का निर्णय लिया है, इसके तहत आत्मनिर्भऱ उत्तर प्रदेश रोजगार अभियान आज से पीएम मोदी के हाथों शुरू हो चुका है। इस अभियान के अंतर्गत इंडस्ट्री और अन्य औद्योगिक संगठनों के साथ साझेदारी बनाते हुए मजदूरों, कामगारों को रोजगार प्रदान किया जाएगा।
इस अभियान के अंतर्गत रोजगार मुहैया कराने के साथ ही लोकल आंत्रप्रोन्योरशिप के लिए औद्योगिक संगठनों और अन्य संघों से साझेदारी पर फोकस किया जाएगा। बता दें कि लॉकडाउन से बिगड़ी अर्थव्यवस्था के बीच मोदी सरकार ने आर्थिक चुनौतियों से निपटने के लिए 20 लाख करोड़ के आर्थिर राहत पैकेज की घोषणा की है।