
पुणे। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शुक्रवार को पुणे में छात्रों से बातचीत की। इस दौरान छात्रों ने राहुल गांधी से बहन प्रियंका गांधी वाड्रा से उनके रिश्तों के बारे में सवाल किया। इसके जवाब में राहुल गांधी ने कहा कि, 'प्रियंका मेरी सबसे अच्छी दोस्त हैं। उनसे मेरी कभी लड़ाई नहीं हो सकती।' इसी कार्यक्रम में राहुल गांधी ने यह भी कहा कि, 'मैं पीएम नरेंद्र मोदी को पसंद करता हूं, लेकिन उन्हें मुझसे नफरत है।'
प्रियंका से अपने रिश्तों पर बोले राहुल गांधी...
बचपन की कुछ यादें शेयर करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि-'प्रियंका मेरी सबसे अच्छी दोस्त हैं। चूंकि मैं छोटा था, इसलिए उनसे बहुत लड़ता था, लेकिन अब ऐसा नहीं करता। बचपन से ही मैंने बहुत अधिक हिंसा देखी हैं। पहले मेरी दादी (पूर्व प्रधानमंत्रियों इंदिरा गांधी) की हत्या कर दी गई और फिर पिता राजीव गांधी की। उस हिंसा ने मुझे बहुत प्रभावित किया था। वह वक्त मेरे और मेरे परिवार के लिए काफी मुश्किलों से भरा था। उस वक्त भी प्रियंका और मैं अक्सर एक-दूसरे को सोपर्ट किया करते थे।'
रक्षा बंधन पर भी बोले राहुल गांधी...
प्रियंका गांधी को सर्वश्रेष्ठ बताते हुए राहुल गांधी ने कहा कि, 'हर भाई-बहनों की तरह हमारी भी लड़ाई होती थी। कभी वह लड़ाई से पीछे हट जाती थीं तो कभी मैं। रक्षा बंधन का त्योहार हम दोनों बहुत ही अच्छे से मनाते हैं। मैं राखी का धागा उस वक्त तक अपने हाथ में बंधा रहने देता हूं, जब तक कि वह खुद न टूट जाए।'
दादी को डराने के लिए करता ये हरकत...
अपनी दादी इंदिरा गांधी से जुड़ी बचपन की यादें शेयर करते हुए राहुल ने बताया कि, 'जब मैं छोटा था अपनी दादी को डराने के लिए उनके कमरे में पर्दों के पीछे छिप जाया करता था। जैसे ही वे कमरे में आती थीं मैं उन्हें डराता था। हालांकि, उन्हें पहले ही पता होता था कि मैं उन्हें डराने के लिए कमरे में छिपा हूं, फिर भी वे मेरे डराने पर डरने का नाटक करती थीं। जो मुझे बहुत अच्छा लगता था।'
मैं मोदी को पसंद करता हूं, लेकिन वो...
राहुल गांधी ने पीएम मोदी को लेकर पूछे गए एक सवाल का जवाब देते हुए कहा कि- 'मैं पीएम नरेंद्र मोदी को पसंद करता हूं। मेरे मन में उनके प्रति नफरत और गुस्सा नहीं है। लेकिन, उन्हें मुझसे नफरत है। राहुल गांधी ने जैसे ही यह कहा पूरा हॉल मोदी-मोदी के नारों से गूंज गया। लेकिन, राहुल गांधी इससे प्रभावित नहीं हुए, उन्होंने स्थिति को संभालते हुए कहा- इट्स फाइन...इट्स फाइन नो प्रोब्लम...।