मल्टीमीडिया डेस्क। नारियल के पानी से कई स्वास्थ्य लाभ मिलते हैं। इसमें कई जरूरी मिनरल्स और विटामिन्स होते हैं, जो आपके शरीर के लिए जरूरी होते हैं। खासतौर पर गर्मियों में जबकि डिहाइड्रेशन होने की समस्या आम हो जाती है, नारियल के पानी से तरोताजगी भी मिलती है और शरीर में पानी की कमी भी नहीं होती है। जानते हैं इससे और क्या स्वास्य लाभ आपको होते हैं...
वजन कम करता है : यदि आप अपने वजन को कम करने के लिए लंबे समय से कोशिश कर रहे हैं, तो आपको नारियल का पानी पीना चाहिए। यह वजन घटाने के लक्ष्य को पूरा करने में काफी मददगार होता है। इसमें वसा की मात्रा बहुत कम होती है। करीब 240 ग्राम पानी में महज 42 कैलोरी होती है, जिसकी वजह से इससे सबसे अच्छा एनर्जी ड्रिंक माना जाता है। नारियल का पानी भूख को दबाने में भी मदद करता है, जिससे लंबे समय तक आपको पेट भरा हुआ लगता है।
ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करता है: जिन लोगों को उच्च रक्तचाप की शिकायत रहती है, उन्हें अपनी रोजाना की डाइट में नारियल का पानी शामिल करना चाहिए। नारियल पानी में विटामिन सी, मैग्नीशियम और पोटेशियम होता है, जो ब्लड प्रेशर को कम करने में मदद करता है। इसके अलावा यह हाईपर टेंशन को भी दूर रखता है।
हैंगओवर उतारने में अच्छा: नारियल के पानी में बी-कॉम्प्लेक्स विटामिन जैसे राइबोफ्लेविन, नियासिन, थाइमिन, पाइरोडॉक्सिन और फोलेट्स काफी मात्रा में होते हैं। ये तत्व पेट के पीएच संतुलन को बेहतर बनाए रखने में मददगार साबित होते हैं, जो बीती रात में एल्कोहल के सेवन की वजह से होता है।
पाचन में मददगार: नारियल में फाइबर की मात्रा भी काफी होती है। इसका पानी अपच में कारगर होता है और यह एसिड रिफ्लेक्स को भी कम करता है। इसलिए यदि आपको पेट फूला हुआ महसूस हो रहा है या एसिडिटी हो रही है, तो आपको ताजा नारियल पानी पीना चाहिए।