श्रीलंका में मकान के बदले तमिल महिला से मांगी आबरू
श्रीलंका में मकान के बदले एक महिला से शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का आरोप लगा है।
By
Edited By:
Publish Date: Mon, 12 Oct 2015 08:51:56 PM (IST)
Updated Date: Mon, 12 Oct 2015 08:59:05 PM (IST)

नई दिल्ली। सहायता एजेंसी रेडक्रॉस के एक कर्मचारी पर श्रीलंका में मकान के बदले एक महिला से शारीरिक संबंध बनाने के लिए दबाव डालने का आरोप लगा है। तमिल युद्ध प्रभावितों की मदद के लिए भारत मकान का निर्माण करवा रहा है। श्रीलंका में रेडक्रॉस के वरिष्ठ संचार प्रबंधक महेश जॉनी ने सोमवार को बताया कि एजेंसी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
उन्होंने बताया कि इस महीने की शुरुआत में किलिनोच्ची जिले की एक महिला ने इस संबंध में शिकायत की थी। हमने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के लिए एक समिति का गठन किया है। इस सप्ताह के अंत तक जांच पूरी होने की उम्मीद है। कोलंबो स्थित भारतीय दूतावास के अधिकारियों ने बताया कि वे जांच की निगरानी कर रहे हैं।
जॉनी के अनुसार आरोपी कर्मचारी ने जांच पूरी होने तक छुट्टी ले ली है। आरोप सही पाए जाने पर पुलिस में कर्मचारी के खिलाफ आपराधिक शिकायत दर्ज कराने की बात भी उन्होंने कही है। उल्लेखनीय है कि श्रीलंका में 2009 में समाप्त हुए गृहयुद्ध के दौरान प्रभावित लोगों की मदद के लिए भारत करीब 25 हजार मकान बनवा रहा है। इनमें 17 हजार से ज्यादा मकानों के निर्माण का जिम्मा रेडक्रॉस को दिया गया है। इस योजना के तहत प्रभावितों को घर बनाने के लिए किश्तों में पैसा दिया जाता है।