
Mukesh Ambani: रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने शनिवार को केरल के गुरुवायूर स्थित श्रीकृष्ण मंदिर में पूजा अर्चना की। उन्होंने मंदिर को 1.51 करोड़ रुपए का दान दिया। मुकेश के साथ उनके छोटे बेटे अनंत अंबानी की मंगेतर राधिका मर्चेंट थीं। 65 वर्षीय अंबानी ने मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण से प्रार्थना की। वहीं मंदिर के हाथियों-चेंतामारक्षन और बलरामन को प्रसाद चढ़ाया। उन्होंने सपरिवार मंदिर के आंतरिक गर्भगृह में घी अर्पित किया।
मंदिर में दी गई सबसे बड़ी राशि
मंदिर प्रशासन ने कहा कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के अध्यक्ष ने 1.51 करोड़ रुपए का दान दिया। यह किसी भी भक्त द्वारा मंदिर में दी गई अब तक की सबसे बड़ी धन राशि है। गुरुवायूर देवस्वम के अध्यक्ष वीके विजयन ने बताया कि मंदिर जाने के बाद मुकेश अंबानी ने एक चेक भेंट किया। उन्होंने कहा, 'जब मैंने खोला तो वह एक करोड़ 51 लाख रुपए का चेक था। यह किसी भी श्रद्धालु की तरफ से गुरुवायूर मंदिर को दी गई सबसे बड़ी रकम है।' विजयन ने बताया कि अंबानी ने इच्छा जताई है कि इसका इस्तेमाल मंदिर में भक्तों के लिए भोजन के कार्य में किया जाए।
तिरुमाला में चढ़ाया 1.5 करोड़ का चढ़ावा
मुकेश अंबानी ने शुक्रवार को तिरुमाला के भगवान वेंकटेश्वर के प्राचीन पहाड़ी मंदिर में 1.5 करोड़ रुपए का चढ़ावा चढ़ाया। मंदिर में पूजा के बाद उन्होंने टीटीडी के अतिरिक्त कार्यकारी अधिकारी ए वेंकट धर्म रेड्डी को चेक सौंपा। एक गेस्ट हाउस में कुछ समय रुकने के बाद मुकेश, राधिका और अन्य ने स्नान के बाद अनुष्ठान में हिस्सा लिया।
#WATCH | Kerala: Reliance Industries chairman Mukesh Ambani visits Guruvayoor Shri Krishna temple in Guruvayur pic.twitter.com/B6GF3QTH7C
— ANI (@ANI) September 17, 2022