
नई दिल्ली। मोबाइल फोनों में आग लगने और उनके फटने की खबरे आम होती जा रही हैं। सैमसंग और एेपल जैसी बड़ी कंपनियों के मोबाइल में इस तरह की घटना होने के बाद ताजा मामला रिलायंस के लाइफ फोन में सामने आया है। जम्मू-कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला की पार्टी नेशनल कॉन्फ्रेंस से जुड़े एक कार्यकर्ता ने इस बारे में जानकारी दी है।
तनवीर सादिक नाम के शख्स ने फोन की जली हुईं तस्वीरें ट्विटर शेयर की हैं। उन्होंने ट्वीट किया कि मेरे परिवार के लोग बाल-बाल बच गए। रिलायंस जियो के रिलायंस लाइफ फोन में धमाका हुआ और उसमें आग लग गई। हालांकि, सादिक ने यह नहीं बताया कि स्मार्टफोन का कौन सा मॉडल फटा और यह घटना कैसे हुई।
तस्वीर में दिखा है कि बैट्री पूरी तरह जल गई है और फोन की स्क्रीन पिघल गई है। फोन पर लाइफ का लोगो भी लगा हुआ दिख रहा है। सादिक की शिकायत पर रिलायंस लाइफ ने तुरंत एक्शन लेने की बात कही है। लाइफ ने ट्विटर पर सादिक से घटना को लेकर और जानकारी मांगी है।
इस बीच उमर अब्दुल्ला ने कहा है कि शुक्र है कि किसी को कोई नुकसान नहीं हुआ है। उन्होंने भी ट्वीट कर लिखा कि ऐसा लगता है कि आप बाल-बाल बच गए हैं। निश्चित रूप से में अपने फोन को निकट भविष्य में इस्तेमाल नहीं करने जा रहा हूं। इस मामले में रिलायंस कंपनी ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि आपको हुई असुविधा के लिए हमें खेद है। हम इस मामले की जांच कर रहे हैं।