
डिजिटल डेस्क। रोहतक में मंगलवार सुबह एक भयावह हादसे में 17 वर्षीय राष्ट्रीय बास्केटबॉल खिलाड़ी हार्दिक राठी की मौत हो गई। गांव लाखनमाजरा स्थित ग्राउंड में अभ्यास के दौरान बास्केटबॉल का पोल अचानक टूटकर उसके सीने पर गिर गया।
गंभीर रूप से घायल हार्दिक को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दुखद घटना ने खेल जगत में गहरा शोक फैला दिया है।

हार्दिक राठी तीन सब-जूनियर नेशनल और एक यूथ नेशनल में हिस्सा ले चुका था। वह बास्केटबॉल फेडरेशन ऑफ इंडिया की इंदौर एकेडमी में चयनित था और अभ्यास के लिए अक्सर एकेडमी की ओर से फोन पर बुलावा आता था। हाल ही में वह गांव में ही ग्राउंड पर अभ्यास कर रहा था।
घटना सुबह करीब 10:30 बजे की है। हार्दिक प्रैक्टिस कर रहा था जबकि टीम के अन्य खिलाड़ी पास में बैठे आराम कर रहे थे। जंप करने के दौरान बास्केटबॉल का पोल अचानक टूटकर हार्दिक पर गिर गया। साथियों ने तुरंत पोल हटाया और उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
ग्राउंड में लगे सीसीटीवी कैमरे में हादसा रिकॉर्ड हो गया। फुटेज में हार्दिक को प्रैक्टिस करते और जंप के दौरान अचानक पोल गिरते हुए देखा जा सकता है। पोल गिरते ही साथी खिलाड़ी भागकर पहुंचे और हार्दिक को बाहर निकालकर अस्पताल ले गए।
सूचना मिलने पर थाना लाखनमाजरा पुलिस मौके पर पहुंची। स्वजन के बयान के आधार पर इत्तफाकिया कार्रवाई की गई। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
हार्दिक के पिता संदीप के दो बेटों में से बड़ा हार्दिक ही परिवार की उम्मीद था, जो नेशनल लेवल पर लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा था। उसकी असमय मौत से गांव और खेल जगत में मातम छा गया है।