
नई दिल्ली। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के मुखपत्र आर्गेनाइजर ने कहा है कि पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर को पाक के अवैध नियंत्रण से मुक्त कराना ही कश्मीर मुद्दे का एकमात्र हल है। इसमें कहा गया है कि आतंकवाद की धुरी पाकिस्तान है, जो अब एक जगजाहिर तथ्य है। वहीं, दूसरी ओर भारत वैश्विक फलक पर शक्ति का केंद्र है।
Forget about K, Talk About POJK नाम से लिखे गए संपादकीय में कहा गया है कि पाकिस्तान के प्रधानमंत्री नवाज़ शरीफ़ ने कश्मीर का मुद्दा संयुक्त राष्ट्र में उठाया है, लेकिन अब वो इस मसले पर दूसरे देशों का ध्यान नहीं खीच सकेंगे।
इसमें आगे कहा गया है कि पाक की निर्ममता और पीओके में इस्लामाबाद के खिलाफ प्रदर्शन वाले वीडियो इंटरनेट पर फैल रहे हैं। वहां के लोग भारत के साथ जुड़ना चाहते हैं क्योंकि वे यहां के शासन से प्रभावित हैं और पाकिस्तान में बढ़ते आतंकवाद से परेशान हैं।
संपादकीय में ये कहा गया है कि ये परिवर्तन इस बात का संकेत है कि जम्मू-कश्मीर पर बहस का नजरिया हमेशा के लिए बदलने वाला है। जम्मू कश्मीर के लोगों ने विधानसभा और लोकसभा चुनावों के लिए बार-बार मतदान किया, जिस पर खलल डालने के लिए पाकिस्तान से पैसा पाने वाले हुर्रियत जैसे तत्वों ने हमेशा से गड़बड़ी पैदा करने की कोशिश की है।