मुंबई। मराठी और हिंदी फिल्मों के जानेमाने अभिनेता सदाशिव अमरापुरकर का निधन हो गया है। वे 64 वर्ष के थे। बीते दिनों फेफड़ों में शिकायत के बाद उन्हें मुंबई के कोकिलाबेन अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
जानकारी के मुताबिक, अमरापुरकर ने रात 2.45 बजे अंतिम सांस ली। उनकी गिनती थिएटर और सिनेमा के महान कलाकारों में होती है।
अमरापुरकर ने करीब 250 फिल्में की हैं जिनमें अर्ध सत्य, सड़क, हुकूमत, आंखें और इश्क काफी कामयाब रही हैं।
यह भी पढ़ें : सोशल मीडिया पर सदाशिव अमरापुरकर के निधन पर शोक की लहर
1984 में आई 'अर्ध सत्य' के लिए तो उन्हें सपोर्टिंग एक्टर की कैटगरी में फिल्म फेयर अवार्ड मिला था।
1991 में आई 'सड़क' के लिए उन्हें सर्वश्रेष्ठ खलनायक का फिल्म फेयर अवार्ड मिला था। वे खलनायक के साथ ही कॉमेडियन की भूमिकाओं के लिए मशहूर थे।
कल शाम चार बजे अहमदनगर में अंतिम संस्कार
अमरापुरकर परिवार के अनुसार, कल शाम चार बजे अहमदनगर में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। इससे पूर्व शव को अंतिम दर्शन के लिए भी रखा जाएगा।