
हरिद्वार। संत समाज ने गोमांस के निर्यात पर प्रतिबंध लगाने और कश्मीर से अनुच्छेद 370 हटाने की मांग उठाई है। साथ ही गंगा की अविरलता की पैरवी करते हुए बांधों के निर्माण पर पाबंदी पर भी खासा जोर दिया।
ज्योतिष व शारदा-द्वारिका पीठ के शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुए भारत साधु समाज के केंद्रीय कार्यसमिति महाधिवेशन में कई प्रस्ताव पारित किए गए। शंकराचार्य ने कहा कि गंगा पूजन सामग्री और अस्थि विसर्जन से नहीं, बल्कि बांधों की वजह से प्रदूषित हो रही है। गंगा की धारा की अविरलता ही उसकी निर्मलता की वाहक थी। गंगा को बचाने के लिए इस पर बन रहे सभी बांधों पर रोक लगाई जानी चाहिए।
बैठक में प्रस्ताव पारित किया गया कि केंद्र सरकार सदन में और राज्य सभा में बहुमत की चिता छोड़कर कश्मीर में अनुच्छेद 370 के खिलाफ विधेयक लाए। सरकार को इसमें देरी नहीं करनी चाहिए। संत समाज ने एक स्वर में नाराजगी जाहिर की कि केंद्र सरकार नमामि गंगे योजना पर देश को भरमा रही है।
इस योजना पर अभी तक धरातल पर काम होता नजर नहीं आया है। अधिवेशन में पूर्व केंद्रीय मंत्री स्वामी चिन्मयानंद ने कहा कि सरकार अरब देशों को गोमांस निर्यात किए जाने से मिलने वाले धन का मोह त्याग कर इसकी बिक्री पर प्रतिबंध लगाया जाना चाहिए।