
मल्टीमीडिया डेस्क। हाल ही में झारखंड के देवघर के रहने वाले पंकज झा द्वारा गाए गए बॉलीवुड गाने धीरे-धीरे से मेरी जिंदगी में आना का संस्कृत वर्जन वायरल हुआ है। संस्कृत में शनै: शनै: मम् हृदये आगच्छज् के बोल से वायरल हुए इस गाने को यूट्यूब पर अब तक दस लाख लोग सुन चुके हैं।
मधुर लगने वाले इस गीत के अलावा पंकज ने कुछ और भी गानों का संस्कृत वर्जन तैयार किया है जिन्हें वो जल्द जारी करेंगे। लेकिन क्या आप जानते हैं कि केवल यही गाना नहीं बल्कि बॉलीवुड के और भी ऐसे गाने हैं जिनके संस्कृत वर्जन बन चुके हैं। हालांकि इन गानों को उतनी ख्याति नहीं मिल पाई जितनी पंकज झा के गाने को मिली है लेकिन इसके बावजूद इन्हें सुनकर एक गजब का सुकून महसूस होता है।
ऐसा ही एक गाना है राजकपूर और नरगिस की फिल्म चोरी-चोरी का गाना 'आजा सनम मधुर चांदनी में हम'। इस गाने के संस्कृत वर्जन को 2015 में राजेंद्र भावे द्वारा संस्कृत में ट्रांसलेट किया गया था और उनके बेटे श्रीरंग भावे द्वारा गाया गया था। संस्कृत में इस गाने के बोल 'सा-एहि रे प्रिय, मधुरचंद्रिकायाम्' से शुरू होते हैं।
इस गाने को आकार तब मिला जब राजेंद्र भावे ने दूरदर्शन द्वारा नेशनल लेवल संस्कृत ट्रांसलेशन प्रतियोगिता में हिस्सा लिया था। इस प्रतियोगिता में भाग लेने वालों को 'आजा सनम मधुर चांदनी में हम' गाने को संस्कृत में ट्रांसलेट करना था। राजेंद्र भावे के ट्रांसलेट किए गए गीत को प्रथम पुरस्कार मिला और फिर इसका एक ऑडियो भी जारी हुआ था। दूरदर्शन ने भी इस गाने को दिखाया था।
इसी तरह राजेश खन्ना की फिल्म आनंद का 'कहीं दूर जब दिन ढल जाए' भी संस्कृत में आ चुका है। अर्चना कामथ नाम की सिंगर ने इस गाने के संस्कृत वर्जन को गाया है। 2011 में आया यह गाना भी उतना मशहूर नहीं हुआ था। लेकिन शनै: शनै: के मशहूर होने के बाद संस्कृत में गाए गानों को पंसद करने वाले इन गानों को भी सुनकर लुत्फ ले सकते हैं।
ऐसी और खबरों के लिए डाउनलोड करें नईदुनिया ऐप-https://goo.gl/Wq0mdo