
जालंधर। पाकिस्तान की जेल में मारे गए भारतीय कैदी सरबजीत सिंह की बहन दलबीर कौर ने जालंधर कोर्ट में पति समेत दस लोगों के खिलाफ एक करोड़ की मानहानि का केस किया है। आरोप है कि प्रेस कांफ्रेंस कर उनकी छवि को ठेस पहुंचाई गई। उनके पति बलदेव सिंह, बसपा नेता एमपी सिंह समेत दस लोगों ने प्रेस कांफ्रेंस कर उनकी बेटी स्वप्नदीप कौर को उनकी नहीं किसी और की बेटी बताया है।
इन लोगों ने कहा कि दलबीर कौर ने भाई सरबजीत का गलत इस्तेमाल कर नौकरी दिलाई है। साथ ही स्वप्नदीप के नाम का गलत इस्तेमाल कर रही है। दलबीर ने कहा कि इस तरह के आरोपों से उन्हें काफी ठेस पहुंची है। इस पर उन्होंने दस लोगों के खिलाफ एक करोड़ रुपये की मानहानि का दावा किया है। मामले में कोर्ट ने सुनवाई 27 जुलाई तय की है।