
नई दिल्ली। पूर्व गृहमंत्री सरदार वल्लभ भाई पटेल हैदराबाद के बदले पाकिस्तान को कश्मीर देने के लिए तैयार थे। मगर, पंडित जवाहरलाल नेहरु उत्सुक थे कि कश्मीर भी भारत के साथ बना रहे। यह दावा कांग्रेस के दिग्गज नेता सैफुद्दीन सोज ने कश्मीर पर लिखी अपनी किताब में किया है। किताब सोमवार (25 जून, 2018) को रिलीज हुई है। कांग्रेस ने पहले ही अपने सभी नेताओं को आगाह किया था कि वह इस इवेंट से दूरी बनाए रखें।
हालांकि, इसके बावजूद भी पूर्व केंद्रीय मंत्री जयराम रमेश पुस्तक की रिलीज में पहुंचे। 'कश्मीर: इतिहास की झलक और संघर्ष की कहानी' नाम की इस किताब का विमोचन पहले पूर्व केंद्रीय मंत्री पी चिदंबरम को करना था। हालांकि, हाईकमान के फैसले को मानते हुए उन्होंने इस कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। कांग्रेस किताब में किए सोज के दावों को पहले खारिज कर चुकी है।
हालांकि, किताब रिलीज के मौके पर सैफुद्दीन सोज ने कहा कि कांग्रेस का किताब से कोई लेना-देना नहीं है। यह मेरी किताब है और मैं इसका जिम्मेदार हूं। पार्टी को इससे कोई कठिनाई नहीं होनी चाहिए। इवेंट के दौरान नेहरु और पटेल को भारत का महान सपूत बताते हुए सोज ने कहा कि पटेल एक व्यावहारिक थे। गुड फेथ में उन्होंने कश्मीर को पाकिस्तान के पहले प्रधानमंत्री लियाकत अली खान को पेश किया।
सोज के मुताबिक, विभाजन काउंसिल में पटेल ने खान से कहा कि हैदराबाद-दक्कन की बात मत करो। क्या यह सड़क से या समुद्र से पाकिस्तान से जुड़ा है। उस जगह आपका दावा क्या है? आप इसे हासिल नहीं कर सकते। दिग्गज प्रकार कुलदीप नैय्यर तत्कालीन प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के प्रेस ऑफिसर थे। उन्होंने कहा कि 1962 के भारत-चीन युद्ध के बाद शास्त्री ने कहा था कि अगर पाकिस्तान हमारे समर्थन में मदद के लिए आता उनके सिपाहियों और हमारे सिपाहियों का खून बहता। इसके बाद में पाकिस्तान कश्मीर मांगता, तो न करना मुश्किल होता।