
श्रीनगर, ब्यूरो। केंद्रीय गृहसचिव एलसी गोयल ने दो जुलाई से शुरू हो रही श्री अमरनाथ यात्रा को पूरी तरह सुरिक्षत बनाने और राष्ट्रविरोधी तत्वों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य में विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए केंद्र हर प्रकार से मदद करेगा। राज्य के दो दिवसीय दौरे पर रविवार सुबह नई दिल्ली से श्रीनगर पहुंचे केंद्रीय गृहसचिव ने एक उच्चस्तरीय बैठक में राज्य के मौजूदा आतंरिक सुरक्षा परिदृश्य का जायजा लिया। इस दौरान आतंकियों से निपटने और तीर्थयात्रियों के लिए तैयार किए गए रक्षा कवच को लेकर अपनाई गई रणनीति को भी अंतिम रूप दिया गया।
सुबह केंद्रीय गृह सचिव एलसी गोयल की अध्यक्षता में हुई उच्चस्तरीय सुरक्षा बैठक में सेना की चिनार कोर के कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल सुब्रत साहा, राज्य पुलिस महानिदेशक के राजेंद्रा, आइजीपी पुलिस, सीआरपीएफ व बीएसएफ और केंद्रीय व राज्य खुफिया एजेंसियों के अधिकारियों ने राज्य की कानून व्यवस्था, आतंकी गतिविधियों में आई तेजी और अलगाववादियों की गतिविधियों से पैदा हुए हालात के बारे में उन्हें जानकारी दी। बैठक में अमरनाथ यात्रा के यात्रियों की सुरक्षा पर विशेष तौर पर चर्चा हुई। केंद्रीय गृहसचिव सोमवार को दक्षिण कश्मीर स्थित नुनवान और पहलगाम यात्रा आधार शिविरों का जायजा लेंगे।