
बेंगलुरु। कन्नड़ अभिनेत्री और कांग्रेस से जुड़ी रहीं नेता राम्या के खिलाफ एक वकील ने अदालत में कथित तौर पर देशद्रोह की शिकायत दर्ज कराई है। रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर के बयान, 'पाकिस्तान जाना नर्क जाने जैसा है’ के जवाब में 33 वर्षीय राम्या ने कहा कि ‘पाकिस्तान नर्क नहीं है, वहां के लोग हमारी तरह हैं और हमारे साथ काफी अच्छा व्यवहार करते हैं।'
राम्या के इस पाक संबंधित बयान पर हंगामा खड़ा हो गया है और उनकी सोशल मीडिया पर भी खिंचाई होने लगी है। पाकिस्तान का पक्ष लेने प र लोग कड़ी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
ट्विटर यूजर सोनम महाजन ने लिखा 'हां, राम्या मैडम, पाकिस्तान नर्क नहीं है, यह स्वर्ग है। यह वहां रह रहे आतंकवादियों के लिए स्वर्ग है।
'पाक नर्क नहीं' कहने वाली एक्ट्रेस राम्या के खिलाफ देशद्रोह का मामला
एक अन्य यूजर डीजी ने लिखा 'राम्या को कुछ सालों के लिए पाकिस्तान भेज दो। भारत में क्यों रहना और पाकिस्तान के लिए दुआ करना।'
ट्विटर यूजर भैरव ने कहा 'एक काम करो राम्या कि अपने साथ सारे कन्नड़वासियों को लेकर हमेशा पाकिस्तान चली जाओ।'
वहीं एक यूजर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी 'अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता में पाक का गुणगान कुछ ज्यादा नहीं हो गया।'
कुछ यूजर्स ने राम्या का समर्थन भी किया है। एक यूजर अमित कुमार ने लिखा ' देशद्रोह का कानून तो अभिव्यक्ति की आजादी छीनने का हथियार है।'
बीफर्स्ट ट्विटर हैंडल पर लिखा गया 'मैं बांग्लादेश, श्रीलंका को प्यार करता हूं। मैं भारत को नहीं छोडूंगा। ये मेरा देश है और मैं अपनी कुत्ते को भी छोड़कर कर नहीं जा रहा हूं।'
तहशीन पूनावाला ने लिखा 'राम्या के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज होने पर मैं हैरान हूं। वह सही कह रही हैं। मैं तो ये कहूंगा कि पाकिस्तान को नर्क कहने वाले मनोहर पर्रिकर मूर्ख हैं।'