यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 16, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Maharashtra: चाचा-भतीजे की सीक्रेट मीटिंग से उलझी सियासी गुत्थी, कांग्रेस को सता रहा यह डर
उद्धव ठाकरे के करीबी संजय राउत ने कहा, अजित पवार इतने बड़े नेता नहीं हैं कि वह शरद पवार को ऑफर दे सकें।
By Arvind DubeyEdited By: Arvind Dubey
Publish Date: Wed, 16 Aug 2023 01:18:38 PM (IST)Updated Date: Wed, 16 Aug 2023 01:57:22 PM (IST)
कांग्रेस नेताओं के हवाले से कहा जा रहा है कि अजित पवार ने शरद पवार को केंद्र में मंत्री पद का ऑफर दिया है। नई दिल्ली/मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में एक बार फिर माहौल गर्माया है। कांग्रेस को शक है कि शरद पवार को एनडीए में शामिल करने के लिए भाजपा की ओर से केंद्रीय मंत्री के समान पद का ऑफर दिया गया है। यह ऑफर अजित पवार के जरिए पहुंचाया गया है। महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं को आशंका है कि शरद पवार विपक्ष का साथ छोड़ सकते हैं। यही कारण है कि कांग्रेस और उद्धव गुट ने प्लान बी पर भी काम शुरू कर दिया है।
पूर्व सीएम अशोक चव्हाण का बड़ा बयान
कांग्रेस नेता और पूर्व सीएम अशोक चव्हाण ने कहा कि कांग्रेस और शिवसेना में सब कुछ ठीक चल रहा है, लेकिन एनसीपी में जो कुछ हो रहा है, उससे महाराष्ट्र की जनता कंफ्यूज हो रही है।
वहीं महाराष्ट्र विधानसभा में विपक्ष के नेता विजय वडेट्टीवार ने भी बड़ा बयान दिया है। कांग्रेस नेता का दावा है कि नरेंद्र मोदी ने अजित पवार को एक टास्क दिया है। यह टास्क है शरद पवार को एनडीए में शामिल करना। यदि अजित पवार ऐसा कर पाते हैं तो उन्हें महाराष्ट्र का मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है।
भाजपा द्वारा केंद्रीय मंत्री ऑफर दिए जाने के सवाल पर सुप्रिया सुले ने कहा,
मुझे किसी ने कुछ भी ऑफर नहीं किया है और न ही मुझसे कोई बातचीत की है। आपको महाराष्ट्र कांग्रेस के नेताओं से पूछना चाहिए कि वे ऐसे बयान क्यों दे रहे हैं। मुझे कोई जानकारी नहीं है। मैं व्यक्तिगत रूप से सोनिया गांधी, राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, गौरव गोगोई जैसे वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं के संपर्क में हूं, लेकिन मैं महाराष्ट्र में कांग्रेस के नेताओं के संपर्क में नहीं हूं।
क्या पुणे में हुई थी डील?
महाराष्ट्र में चर्चा है कि 12 अगस्त को पुणे के एक व्यवसायी के निवास पर शरद पवार और अजित पवार के बीच गुप्त बैठक हुई है। यह जानकारी सामने आने के बाद से राजनीतिक हलकों में हलचल है।
मुलाकात कोरेगांव पार्क में हुई, जिसमें शरद पवार दोपहर 1 बजे पहुंचे और शाम 5 बजे रवाना हुए। उपमुख्यमंत्री अजित पवार को कथित तौर पर शाम 6:45 बजे एक कार में परिसर से बाहर निकलते देखा गया।
संजय राउत बोले- इतने बड़े नहीं हुए अजित पवार
इससे पहले शिव सेना (यूबीटी) नेता संजय राउत ने इस मुद्दे पर कहा,
अजित पवार इतने बड़े नेता नहीं हैं कि वह शरद पवार को ऑफर दे सकें। पवार साहब ने अजित पवार को बनाया है, अजित पवार ने शरद पवार को नहीं बनाया....उनका (शरद पवार) कद ऊंचा है।