
मेरठ। दीन के जानकार मौलवी साहब दुनियावी दिक्कत में उलझ गए हैं। उलझन भी ऐसी कि डीएम को खत लिखना पड़ा। मौलवी साहब ने खत में लिखा है कि उनकी बेगम चाहती हैं कि वह दाढ़ी न रखें।
उन्हें सिनेमा के सितारे सलमान और शाहरुख जैसे चेहरे पसंद हैं। बात यहां तक बढ़ चुकी है कि दाढ़ी न कटवाने पर उनकी बेगम दो बार खुदकशी की कोशिश भी कर चुकी हैं। डीएम ने कार्रवाई के लिए पत्र एसएसपी को भेज दिया है।
अरशद बदरुद्दीन मस्जिद में पेश इमाम हैं। डीएम को दिए शिकायती पत्र में उन्होंने लिखा है कि 15 साल पहले उनका हापुड़ की युवती से निकाह हुआ था। खत में उन्होंने लिखा है कि पत्नी का व्यवहार ठीक नहीं है।
मैं मस्जिद में पेश इमाम हूं। मेरा धर्म ऐसा करने की इजाजत नहीं देता, लेकिन मेरी बीवी को क्लीन शेव पसंद है। दाढ़ी न कटवाने पर जान देने की बात कहकर ब्लैकमेल करती है।
मौलवी साहब की शिकायत है कि उनकी पत्नी स्मार्टफोन का भी इस्तेमाल करती है और गैर मर्दों से बात करती है।
मौलवी का कहना है कि एक दिन पत्नी को सख्त लहजे में डांटा तो वह जोर-जोर से रोने लगी। साथ ही बच्चों के साथ जान देने की धमकी दी। एक बार उसने मायके में खुदकशी का प्रयास किया। किसी तरह उसके भाइयों ने उसे बचाया।
मौलवी के पत्र के मुताबिक आठ जुलाई को भी उसने जान देने की कोशिश की। परिवार वालों ने किसी तरह उसे बचाया। मौलवी ने डीएम से अनुरोध किया है कि पत्नी को इस तरह के कृत्य से रोका जाए।